ABC News: बॉलीवुड इंडस्ट्री के गलियारों से बुधवार को एक दिल चीरने वाली खबर आई और लोगों को सदमा दे गई. खबर मलाइका अरोड़ा के घर से आई कि उनके पिता अनिल अरोड़ा ने आत्महत्या कर ली. जिसने भी ये खबर सुनी एक बार में उसे भरोसा नहीं हुआ. अनिल अरोड़ा ने जब अपने घर की छत कूदकर जान दी तब मलाइका अरोड़ा मुंबई में नहीं थीं. मलाइका अरोड़ा पुणे में थीं और जब उन्हें ये दुखद सूचना मिली तो वह दौड़ी-दौड़ी अपने पिता घर पहुंचीं.

घटना सुबह 9 बजे के करीब की बताई जा रही है. वहीं इस खबर के बाद मलाइका अरोड़ा का परिवार और जानने वाले सदमे में हैं. एक्ट्रेस भी पिता के निधन की खबर मिलते ही पुणे से मुंबई के लिए रवाना हो गई है. घर पहुंचकर वह भी बदहवास नजर आयीं. फिलहाल मलाइका के पिता के शव को बाबा अस्पताल में रखा गया है. अनिल अरोड़ा ने आत्महत्या क्यों की अभी कारणों का पता नहीं चल पाया है.

इस मुश्किल घड़ी में मलाइका अरोड़ा के एक्स हसबैंड अरबाज खान फौरन एक्ट्रेस के घर पहुंच गए. एक्टर को मलाइका के घर के बाहर पुलिस वालों से कुछ बातचीत करते देखा गया. पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है. पुलिस के मुताबिक मलाइका अरोड़ा के पिता ने छठी मंजिल की गैलरी से कूदकर आत्महत्या की है. बांद्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं, फिलहाल पुलिस को मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है. बताया जा रहा है कि मलाइका के पिता कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. मलाइका अरोड़ा के पिता की पिछले साल भी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया था. एक्ट्रेस को हॉस्पिटल में उनकी मां के साथ देखा गया था. हालांकि उस दौरान भी पता नहीं चल पाया था कि उनके पिता को क्या हुआ था.

