ABC News: देहदान और अंगदान के अभियान की सार्थकता सिद्ध होने के बाद अब कानपुर में स्किन बैंक की स्थापना करने की कवायद तेज हो चली है. इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ाया है युग दधीचि देहदान अभियान के संयोजक मनोज सेंगर ने. उनका कहना है कि एक व्यक्ति की त्वचा से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है.

दरअसल, जयपुर में हुई देहदान अंगदान विषय पर हुई सेमिनार में जब विश्व हिंदु परिषद के अंर्तराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने देश में स्किन बैंक की आवश्यकता पर जोर दिया, तो युग दधीचि देहदान अभियान के संयोजक मनोज सेंगर ने भी कानपुर में इसकी स्थापना के हरसंभव प्रयास करने की बात कही. इस सेमिनार में मनोज सेंगर ने बताया कि देहदान अभियान को चलाकर अब तक 285 पार्थिव शरीरों को एक दर्जन से ज्यादा राजकीय मेडिकल कॉलेजों को दान दिया जा चुका है. इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में लोगों ने देहदान और अंगदान का भी संकल्प लिया है. सेमिनार में बताया गया कि देश का पहला स्किन बैंक 1972 में मुंबई में स्थापित किया गया था. इसके बाद 2022 में जयपुर में और इसके बाद एम्स दिल्ली में इसकी स्थापना हुई. यहां पर बताया गया कि भारत में अंतिम संस्कार में आग से जलाए जाने का विशेष महत्व है. ऐसे में प्रत्यारोपण के लिए स्किन न मिल पाने की वजह से कई लोग अपनी जान तक गवां देते हैं. अगर त्वचा दान के विषय में लोगों को जागरूक किया जाए तो बड़ी संख्या में लोग इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे.

क्या है स्किन बैंक
यदि सरल भाषा में बात करें मृत शरीर के ऊपर से त्वचा लेकर संरक्षित करने वाले स्थान को स्किन बैंक कहते हैं, यह त्वचा आग से जले हुए व्यक्ति को आरोपित कर उसका जीवन बचाया जा सकता है, इस बैंक में स्किन को तीन से पांच साल तक सुरक्षित रखा जा सकता है. एक व्यक्ति के त्वचा दान से कई लोगो की जान बचाई जा सकती है. स्किन डोनेशन मृत्यु के सात से दस घंटे के भीतर किया जा सकता है जिसमें एक घंटे से भी कम समय लगता हैं, इसे घर अथवा हॉस्पिटल कहीं भी किया जा सकता है इसके बाद शरीर में कोई विकृति नहीं आती और देह परिजनों को सौंप दी जाती है.

