ABC News: जाजमऊ आगजनी केस में कोर्ट से सात साल की सजा पाए पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को एक बार फिर कानपुर कोर्ट में पेश किया गया. इस बार कोर्ट में उनकी पेशी रंगदारी के मामले को लेकर थी. महाराजगंज जेल से लाए गए इरफान सोलंकी की पेशी को लेकर कानपुर कोर्ट में सुरक्षा की सख्त व्यवस्था देखी गई.

भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कानपुर कोर्ट में पहले रिजवान सोलंकी और उसके बाद पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को लाया गया. आमतौर पर हर पेशी में मीडिया से बात करने वाले रिजवान सोलंकी इस बार खामोश नजर आए लेकिन जब इरफान सोलंकी यहां पर पुलिस वैन से उतरे तो अपने उसी अंदाज में नजर आए, जैसा कि आम तौर पर पेशी के दौरान वह दिखाई देते थे. इस दौरान मीडिया से उन्होंने बातचीत तो नहीं की लेकिन इतना जरूर कहा कि अभी इंसाफ बाकी है. कोर्ट में जाते समय जब सीसामऊ विधानसभा में उपचुनाव को लेकर सवाल किए गए तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि चुनाव नहीं होगा. गौरतलब हो कि कानपुर कोर्ट से सात साल की सजा के बाद इरफान सोलंकी की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है. इरफान की अपील पर हाईकोर्ट ने सरकार से दो सप्ताह में जवाब मांगा है. हाईकोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई गुरूवार को होनी है.

