ABC News: केडीए के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली सुधारने की लाख कोशिशों के बावजूद सुधार आता दिख नहीं रहा है. इसी का उदाहरण उस समय देखने को मिले जब प्राधिकरण में आयोजित जनता दर्शन में आवंटी ने अपने भूखंड की लंबे समय से रजिस्ट्री न कराए जाने की शिकायत उपाध्यक्ष से की. उपाध्यक्ष ने जब जांच कराई तो मामला सही पाया. इसके बाद उपाध्यक्ष ने संबंधित लिपिक को निलंबित कर दिया.

सोमवार को केडीए में आयोजित जनता दर्शन में स्वर्ण जयंती विहार योजना के देवेंद्र कुमार आए और उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल को शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने अपने 30 वर्गमीटर के भूखंड की रजिस्ट्री न कराए जाने की बात कही. उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री को लेकर वह प्राधिकरण के लगातार चक्कर काट रहे हैं. इस पर उपाध्यक्ष ने जब फाइल मंगाकर जांच कराई तो पाया कि लिपिक सत्यम पांडेय बेवजह ही भूखंड की रजिस्ट्री का मामला लटकाए हुए थे. मामले में लापरवाही पाए जाने पर उपाध्यक्ष ने संबंधित लिपिक को जमकर फटकार लगाते हुए उसे निलंबित कर दिया.
इमारतों के बेसमेंट की होगी जांच
दिल्ली हादसे के बाद अब कानपुर में भी इमारतों के बेसमेंट की जाएगी. इसको लेकर केडीए उपाध्यक्ष ने सभी जोन के प्रवर्तन अधिकारियों की बैठक बुलाई. इस बैठक में उपाध्यक्ष ने सभी अफसरों को निर्देश दिए है कि वह कॉर्मशियल कॉम्पलैक्सों, कोचिंग, नर्सिंग होम आदि सभी के बेसमेंटों की जांच करें. अगर कहीं कोई अनियमितता पायी जाती है तो संबंधित निर्माण के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए.
