ABC News: भ्रष्टाचार के खिलाफ शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को देखते हुए शुक्रवार को प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने संयुक्त रूप से आरटीओ दफ्तर में छापा मारा. जैसे ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर आरटीओ दफ्तर पहुंचे तो यहां का मेन गेट बंद करा दिया गया. इसके बाद पूरे परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.

आरटीओ दफ्तर आने वाले दलालों में ऐसा हड़कंप मचा कि वह इधर उधर भाग लिए. बताया जा रहा है कि कई दलाल तो आरटीओ दफ्तर की दीवार फांदकर भाग गए. इस बीच, पुलिस ने आरटीओ दफ्तर आए लोगों से पूछताछ करने के साथ उनके दस्तावेज भी जांचे. यहां पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग मिले जोकि अपना काम कराने आए थे. इस दौरान 12 संदिग्धों को भी पुलिस ने पकड़ा और पूछताछ की तो पकड़े गए लोग यह नहीं बता पाए कि वह किस वजह से आरटीओ दफ्तर में आए हैं. इस पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेते हुए सभी के मोबाइल जब्त कर लिए. पकड़े गए लोगों को पुलिस काकादेव थाने ले आयी, यहां पर एडीएम सिटी राजेश कुमार, एसीपी स्वरूपनगर शिखर, एआरटीओ प्रवर्तन समेत अन्य अफसर मौजूद रहे. एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए सभी संदिग्धों के बारे मेें जानकारी जुटाई जा रही है.

