ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र के कृष्णापुरम में नेशनल बॉक्सर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाथरूम में पड़ा मिला. रविवार से फोन कॉल न उठने की वजह से अमेरिका गई नेशनल बॉक्सर की पत्नी ने जब उनके दोस्त से जानकारी मांगी, तब वह घर गए. इस दौरान घर से किसी तरह की प्रतिक्रिया न आने पर पुलिस को सूचना दी गई. घर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर उनका शव पड़ा हुआ मिला.

कृष्णापुरम में रहने वाले एके कपूर ने बताया कि मृतक का नाम सुबोध गुप्ता है. 68 वर्षीय सुबोध गुप्ता बॉक्सिंग के नेशनल प्लेयर रह चुके हैं. उनका बड़ा बेटा उत्कर्ष अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है जबकि छोटा बेटा अरिहंत बेंग्लुरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है. सुबोध की पत्नी संगीता 25 दिन पहले ही बड़े बेटे से मिलने के लिए अमेरिका गई हुई थीं. इसके बाद से सुबोध घर पर अकेले ही रह रहे थे. बताया जा रहा है कि दो दिन से उनकी पत्नी अमेरिका से उन्हें लगातार कॉल कर रही थीं लेकिन वह रिसीव नहीं हो रही थी. इस पर संगीता ने सुबोध के दोस्त एके कपूर से जानकारी हासिल की. इस पर जब एके कपूर अपने दोस्त के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो किसी तरह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी. इस पर उन्होंने बगल में रहने वाले छोटे भाई डॉ. सुनीत गुप्ता और पुलिस को जानकारी दी. मौके पर पहुंची पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो बाथरूम में सुबोध गुप्ता का शव पड़े हुए पाया. आशंका जताई जा रही है कि सुबोध की मौत हार्ट अटैक या फिर गिरने के चलते हुई है. पड़ोसियों का भी कहना है कि उन्हें किसी तरह की कभी कोई आवाज ही नहीं आयी. पुलिस का कहना है कि शव के पोस्टमॉर्टम से मौत की सही वजह पता लगेगी.

