ABC News: नयागंज तक मेट्रो की अंडरग्राउंड रनिंग टेस्टिंग के बाद अब इसके आगे के ट्रैक का निर्माण भी शुरू हो गया है. कानपुर मेट्रो परियोजना के अंडरग्राउंड रूट पर अब नयागंज से सेंट्रल स्टेशन तक अंडरग्राउंड टनल में मेट्रो के ट्रैक का निर्माण शुरू हो गया है. यहां पर ट्रैक की स्लैब की ढलाई का काम शुक्रवार से शुरू हो गया. मेट्रो अफसरों ने बताया कि नयागंज से कानपुर सेंट्रल के बीच 1250 मीटर अप लाइन में ट्रैक निर्माण किया जा रहा है.

मेट्रो अफसरों के मुताबिक, अंडरग्राउंड टनल के अंदर ट्रैक निर्माण के लिए सबसे पहले निर्माणाधीन कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन के पास कट आउट से रेल पटरियों के साथ उन्हें वेल्ड करने के लिए एफबीडब्लू (फ्लैश बट्ट वेल्ड) प्लांट को जमीन के नीचे उतारा गया था. इसके बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नयागंज स्टेशन तक लगभग 1250 मीटर लंबे अप-लाइन टनल में रेल पटरियों की वेल्डिंग और उन्हें बिछाने की प्रक्रिया पूरी की गई. शुक्रवार से रेल पटरियों के नीचे स्लैब के ढलाई का कार्य शुरू कर दिया गया. कानपुर मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक की तरह ही अंडरग्राउंड मेट्रो का ट्रैक भी बैलास्ट-लेस यानि गिट्टी-रहित है. ट्रेन चलने के दौरान कंपन और शोर को अवशोषित करने के लिए ट्रैक में मास स्प्रिंग सिस्टम का प्रयोग किया गया है. ट्रैक स्लैब की ढलाई के बाद आगे डिरेलमेंट गार्ड बनाये जाएंगे और थर्ड रेल इन्स्टॉल करने के प्रबंध भी किए जाएंगे.

