ABC News: 22 जुलाई से शुरू हो रहे सावन के महीने को लेकर उत्साह दिखने लगा है. कानपुर के शिवालयों में सावन की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं. आनंदेश्वर मंदिर परमट से लेकर सिद्धनाथ मंदिर, जाजमऊ में इस समय सावन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. इस बार सावन में पांच सोमवार पड़ रहे हैं और सावन के पहले दिन की शुरूआत भी सोमवार से हो रही है, ऐसे में आनंदेश्वर मंदिर परमट में देर रात से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो जाएगी.

इसे देखते हुए मंदिर परिसर के अंदर से लेकर परमट की गलियों में भी बैरीकेडिंग लगाने का काम शुरू हो चुका है. ग्रह और नक्षत्रों की बात करें तो इस बार कई शुभ योगों का भी निर्माण हो रहा है. ज्योतिषिय गणनाओं के अनुसार, सावन के दौरान शुक्रादित्य, बुधादित्य, नवपंचम योग, गजकेसरी योग, कुबेर योग और शश योग जैसे राजयोगों का निर्माण हो रहा है. इसे देखते हुए इस बार सावन का महीना और खास माना जा रहा है. सुरक्षा की दृष्टि से देखा जाए तो मंदिरों में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखने के साथ पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी. परमट, सिद्धनाथ के अलावा शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर, पीरोड में वनखंडेश्वर मंदिर और नयागंज में नागेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है.

डीसीपी सेंट्रल ने लिया परमट का जायजा
सावन में आनंदेश्वर मंदिर परमट में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यहां पर अभी से तैयारियों को पूरा करने में पुलिस भी जुट गई है. शुक्रवार को डीसीपी सेंट्रल राकेश कुमार सिंह, एडीसीपी सेंट्रल और एसीपी कर्नलगंज ने आनंदेश्वर मंदिर परमट का जायजा लिया. इस दौरान परमट चौकी से मंदिर परिसर तक जिन लोगों ने आगे बढ़कर गलियारे में अवैध कब्जा कर रखा था, उन्हें चेतावनी देकर पीछे कराया गया. इसके अलावा गलियारे में खड़े होने वाले दुपहिया वाहनों के चालान भी किए गये. सावन के पूरे महीने में श्रद्धालुओं के लिए आने जाने की क्या व्यवस्था रहेगी, इसको लेकर भी मंथन किया गया. एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि सावन के दौरान जिस तरह से श्रद्धालुओं की भीड़ यहां पर आती है, उसे देखते हुए यूनियन बैंक चौराहे की तरफ से श्रद्धालुओं को इंट्री दी जाएगी और दूसरी तरह से श्रद्धालुओं का निकास होगा. इसके अलावा लोगों के सहयोग से ग्रीनपार्क चौराहे तक सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे, जिससे हर जगह पर पुलिस अपनी निगाह रख सके.

