ABC News: शिक्षा के अधिकार के तहत गरीब बच्चों को प्रवेश देने में अभी भी कानपुर के कई स्कूल लापरवाह बने हुए हैं. ऐसे ही 18 स्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों के साथ जब डीएम राकेश कुमार सिंह ने बैठक की तो साफ कर दिया कि कोई भी स्कूल ऐसे बच्चों के प्रवेश लेने से मना नहीं कर सकता. दो स्कूलों की तरफ से बैठक में न आने पर नोटिस जारी की गई तो जीडी गोयनका स्कूल के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्यवाही करने के लिए जरूरी पत्राचार करने के निर्देश भी दिये.

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अफसरों ने बताया कि जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल कल्याणपुर ने अभी तक आरटीई के तहत कोई भी प्रवेश नहीं लिया है. बैठक में जीडी गोयनका स्कूल का कोई प्रतिनिधि भी नहीं आया था, जिस पर नाराज डीएम ने स्कूल की मान्यता प्रत्याहरण के लिए संबंधित बोर्ड के चेयरमैन और बेसिक शिक्षा विभाग के एसीएस को पत्र लिखने के निर्देश दिए. डीएम ने कहा कि आरटीई के तहत शत प्रतिशत प्रवेश लें और ऐसा न करने पर शासकीय आदेशों की अवहेलना मानते हुए मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल आउट ऑफ वार्ड बताकर बच्चों का प्रवेश लेने से इनकार नहीं कर सकता ह़ै. जरूरतमंद बच्चों का एडमिशन सभी स्कूलों को करना होगा.उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि कोई भी विद्यालय आरटीई के तहत आवंटित छात्र/छात्राओं का प्रवेश अपने विद्यालय में लेने में आनाकानी करता है तो सम्बन्धित बोर्ड के चेयरमैन को मान्यता प्रत्याहरण हेतु पत्र प्रेषित किया जायेगा.

इन स्कूलों की आ रही शिकायतें
सेठ आनंदराम जयुपरिया स्कूल, कैन्ट
ऐलन हाउस पब्लिक स्कूल, रूमा
यूनाईटेड पब्लिक स्कूल, सिविल लाइन्स
डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप एजूकेंशन सेंटर एच-2 ब्लाक किदवईनगर
डॉ0 वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल, गोविन्द नगर
एचएस पब्लिक स्कूल, गल्ला मण्डी, नौबस्ता
एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल, केशवपुरम,
प्रताप इन्टरनेशनल स्कूल, कल्यानपुर
कैम्ब्रिज हाईस्कूल स्काई लार्क, सिविल लाइन
ऐलन हाउस पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन
एनएलके पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन
हलीम मुस्लिम स्कूल, चमनगंज
विन्यास पब्लिक स्कूल, चौबेपुर
जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, कल्यानपुर
दिल्ली पब्लिक स्कूल आजाद नगर
दिल्ली पब्लिक स्कूल मेहरबान सिंह का पुरवा, किदवई नगर, मैनावती मार्ग, सर्वोदय नगर
एनएलके लिटिल स्टेप, अशोक नगर
डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप एजूकेशन सेन्टर, एन ब्लाक किदवई नगर

