ABC News: कानपुर में गुरूवार की सुबह हुई झमाझम बारिश के साथ आकाशीय बिजली भी कड़कड़ाती रही. इस बीच सुबह के समय उस समय हड़कंप मच गया जब शिवाला के कैलाश मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरी. बिजली गिरने की आवाज से आसपास के घरों में रह रहे लोग न केवल दहशत में आ गए बल्कि यहां लगने वाली फूल मंडी में भी अफरातफरी मच गई.

बिजली गिरने की आवाज के बाद जब जोग घरों से बाहर निकलकर आए तो देखा कि कैलाश मंदिर के शिखर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि कैलाश मंदिर का इतिहास दो सौ वर्ष से भी ज्यादा पुराना है. सुबह वह लोग सो रहे थे, तभी बिजली गिरने की तेज आवाज आयी, जिससे वह लोग भी दहशत में आ गए. कैलाश मंदिर के शिखर पर बिजली गिरने की घटना सुबह से दोपहर तक यहां पर चर्चा का विषय रही.

यहां रहने वाले स्थानीय लोगों का कहना है बिजली गिरने के बाद मंदिर के शिखर पर एक लकीर भी पड़ गई और उसका मलबा नीचे बिखरा हुआ दिखाई दिया. आसपास के घरों के कुछ विद्युत उपकरण भी बिजली गिरने की घटना के बाद खराब हो गए. इन सबके बावजूद लोगों का कहना था कि यह महादेव की कृपा है जो उनके घरों में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.

