ABC News: हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के आशा नगर निवासी कारपेंटर को उसके पिता ने ही मौत के घाट उतारा था. संपत्ति के विवाद में हत्यारोपी ने घटना को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी काफी समय से घटना को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन उसे मौका नहीं मिल पा रहा था.

आपको बता दें कि बीते दिनों हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के आशानगर में घर में सोते हुए सुभाष विश्वकर्मा की घर के अंदर ही निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी. घटना के वक्त सुभाष की पत्नी अपने मायके गई हुई थीं. सुभाष की हत्या का शक सबसे ज्यादा उसके पिता पर ही जाहिर किया जा रहा था, क्योंकि जिस समय वारदात हुई, तब घर का दरवाजा अंदर से बंद था. घटना के वक्त सुभाष के साथ उसका पिता राकेश ही मौजूद था. पुलिस ने शक के आधार पर जब राकेश विश्वकर्मा से गहन पूछताछ की तो उसने पूरी घटना में अपना हाथ स्वीकार कर लिया. डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने बताया कि राकेश को लगता था कि उसकी पत्नी की मौत के जिम्मेदार उसका बेटा और बहू हैं. यही नहीं राकेश मकान बेचना चाहता था लेकिन सुभाष लगातार विरोध करता था, जिस कारण भी उसका अपना बेटे से विवाद होता था. वह काफी दिनों से बेटे की हत्या की योजना बना रहा था, लेकिन मौका नहीं मिल पा रहा था. बहू के मायके जाने के बाद उसने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है.

