ABC News: भीषण गर्मी में नदी और नहर में नहाने के दौरान होने वाले हादसे कम नहीं हो रहे हैं. ऐसा ही एक और हादसा साउथ सिटी में मर्दनपुर नहर में नहाते समय हो गया. बताया जा रहा है कि दबौली में रहने वाले चार बच्चे घर से बिना बताए हुए एकता पार्क के पास मर्दनपुर नहर में नहाने आए हुए थे. नहाने के दौरान अचानक चारों बच्चे डूबने लगे.

चीखपुकार सुनकर आसपास खड़े लोगों ने दो बच्चों को तो सकुशल बचा लिया लेकिन दो बच्चे नहर के वेग में बहते हुए चले गए. आसपास के लोगों ने इसकी सूचा पुलिस और बच्चों के परिजनों को दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया. डूबे हुए बच्चों के परिजनों ने बताया कि सभी बच्चों की उम्र 12 से 14 वर्ष के बीच की थी. दोपहर दो बजे बच्चे डूबे थे, इसके बाद दो थानों की फोर्स पहुंच गई लेकिन बच्चों को खोजने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए.

दबौली के पार्षद गुंजन शर्मा ने बताया कि चारोें बच्चे दबौली के ही थे. उन्हें जब सूचना लगी तो सिंचाई विभाग के अफसरों को फोन कर उन्होंने नहर में पानी का प्रवाह बंद कराया. उन्होंने भी बच्चों को खोजने में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया, देर शाम तक दोनों डूबे हुए बच्चों का पता नहीं लग पाया था.

