ABC News: ऐसा लगता है कि बारिश के मौसम में कानपुर एक बार फिर से जलभराव की पुरानी समस्या से जूझता हुआ नजर आएगा. यह बात इसलिए क्योंकि महापौर प्रमिला पांडेय खुद मान रही हैं कि कानपुर में अभी तक सिर्फ 35 फीसदी ही नाला सफाई हो पायी है. महापौर भी नगर निगम की गलती मान रही हैं. यही वजह है कि अब वह खुद हर जगह नाला सफाई का निरीक्षण कर रही हैं.

मंगलवार को नगर आयुक्त शिवशरणअप्पा जीएन के साथ उन्होंने साउथ सिटी में चल रही नाला सफाई का निरीक्षण किया. यहां पर बारादेवी मंदिर के पीछे नाले पर किए गए आधा दर्जन से अधिक अवैध कब्जों को महापौर ने अपने सामने हटवाया. पनकी कल्याणपुर रोड पर एक बैंक्वेट हॉल के कब्जे को भी हटा दिया गया. इसक बाद महापौर ने मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में पार्षदों के साथ बैठक की. महापौर ने कहा कि जहां भी नाले और नाली पर कब्जे हैं, उन्हें इस बार जरूर हटाया जाएगा. पार्षदों से भी उनके वार्ड में खुले मेनहोल की सूची मांगी गई, जिससे कि बारिश से पहले सभी मेनहोल पर ढक्कन लगाया जा सके. महापौर ने उन लोगों से कब्जे हटाने को कहा है, जिन्होंने नाले और नालियों पर अवैध कब्जे कर लिए हैं.

