ABC News: 90 के दशक में बॉलीवुड के बेहद पॉपुलर और आइकॉनिक गानों को आवाज देने वाली सिंगर अलका याग्निक को एक रेयर न्यूरो समस्या हो गई है. इस बीमारी की वजह से जानी मानी सिंगर अब सुन नहीं पा रही हैं. अलका याग्निक ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी इस बीमारी का जिक्र किया है. इसके साथ ही अलका याज्ञनिक ने बताया कि वो बीते काफी वक्त से इनएक्टिव क्यों हैं. अलका ने अपनी समस्या के बारे में जानकारी देते हुए फैंस और साथी कलाकारों को तेज (लाउड) म्यूजिक से दूर रहने की सलाह दी है.

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अलका ने लिखा, ‘मेरे सभी फैंस, दोस्तों, फॉलोअर्स और शुभचिंतकों के लिए कुछ हफ्ते पहले मैं एक फ्लाइट से उतरी तो मुझे महसूस हुआ कि मुझे कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा है. इस घटना के कई हफ्तों बाद थोड़ी हिम्मत जुटाकर अब मैं अपने दोस्तों और शुभचिंतकों को इस बारे में बता रही हूं, जो मुझसे लगातार पूछ रहे हैं कि मैं कहां गायब हूं. सिंगर ने आगे लिखा, ‘मेरे डॉक्टर्स ने एक रेयर सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस डायग्नोज किया है, जो मुझे एक वायरल अटैक की वजह से हुआ है. अचानक से हुई इस घटना ने मुझे शॉक कर दिया है. मैं खुद इसे स्वीकार करने की कोशिश कर रही हूं और चाहती हूं कि इस बीच आप सभी मुझे अपनी दुआओं में याद रखें.

पोस्ट के अंत में अलका ने लोगों को लाउड म्यूजिक ना सुनने की और हेडफोन्स का कम इस्तेमाल करने की सलाह दी है. सिंगर ने लिखा, ‘किसी दिन मैं अपनी प्रोफेशनल लाइफ से, हेल्थ को होने वाले नुकसान पर बात जरूर करूंगी. आप सबके प्यार और सपोर्ट से, मैं फिर से अपना जीवन पटरी पर लाने की उम्मीद करती हूं. जल्द ही फिर आपके सामने आने की कामना करती हूं. इस नाजुक मौके पर आपका सपोर्ट और अंडरस्टैंडिंग मेरे लिए बहुत मायने रखती है.

