ABC News: कानपुर में नाला सफाई की बैठक के दौरान महापौर प्रमिला पांडेय का गुस्सा अचानक भड़क गया और भरी मीटिंग में उन्होंने अधिशाषी अभियंता की फाइल को फेंक दिया. दरअसल, महापौर प्रमिला पांडेय का गुस्सा इस बात पर भड़का कि जब उन्होंने नाला सफाई को लेकर जवाब तलब शुरू किया तो जोन तीन के अधिशाषी अभियंता गलत आंकड़े पेश करने लगे.

बैठक में उन्होंने मार्च से ही नाला सफाई कराने की बात कही, जिस पर महापौर उखड़ गईं. उन्होंने कहा कि जब मई से नाला सफाई का काम शुरू हुआ है तो उन्होंने मार्च से कैसे नाला सफाई शुरू करा दी और अगर कहीं नाला सफाई कराई है तो उनकी फोटो फाइल में क्यों नहीं है. इसी बात पर महापौर का गुस्सा ऐसा भड़का कि उन्होंने भरी मीटिंग में अधिशाषी अभियंता की फाइल को फेंक दिया. गलत आंकड़े पेश करने पर महापौर ने उन्हें फटकार भी लगाई. इस दौरान महापौर ने सीओडी, रफाका, सीसामऊ, म्योर मिल समेत अन्य नालों की सफाई का हाल जाना. यहां भी आंकड़े जब पेश किए तो महापौर की नाराजगी देखने को मिली.

महापौर ने सीधे तौर पर कहा कि इस माह के अंत तक मानसून आ जाएगा, ऐसे में शहर की सड़कों पर जलभराव देखने को मिलेगा तो जनता सबसे ज्यादा नगर निगम को कोसती है. उन्होंने कहा कि अभियंताओं ने 90 प्रतिशत नाला सफाई की बात कही है लेकिन उन्हें नहीं लगता है कि ऐसा हो रहा है, अधिशाषी अभियंता नानक चंद्र की रिपोर्ट को भी उन्होंने झूठा करार दिया.

