ABC News: जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में कानपुर का भी एक युवक घायल हुआ है. जम्मू के अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है. गौरतलब हो कि एक दिन पहले जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णों देवी से दर्शन करने के बाद शिवखोड़ी जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया था. आतंकियों ने पहले बस ड्राइवर को गोली मारी थी, जिसके बाद बस खाई में गिर पड़ी थी, इसके बाद भी आतंकियों ने गोलियों की बौछार जारी रखी.

आतंकी हमले में कानपुर के जवाहरनगर में रहने वाला युवक दिनेश गुप्ता बुरी तरह से घायल हुआ है. सोमवार सुबह जब परिजनों के पास जम्मू से फोन आया, तो अफरातफरी मच गई. जैसे ही इसकी जानकारी आस पड़ोस के लोगों को हुई, तो वह लोग भी युवक के घर पर जुटना शुरू हो गए. दिनेश गुप्ता की मां निर्मला और भाई रमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वह चार जून को वैष्णों देवी दर्शन के लिए कानपुर से निकला था. बीच में उसने परिजनों से बातचीत भी की.

सोमवार सुबह फोन आया, जिसमें दिेनेश के घायल होने और जम्मू के अस्पताल में आईसीयू में उसके भर्ती होने की जानकारी मिली. इसके बाद से परिजनों में दिनेश की कुशलता जानने को व्याकुलता देखी गई. बेटे की फोटो लिए दिनेश की मां इस दौरान सबसे ज्यादा परेशान नजर आयीं.

