ABC News: अवैध निर्माणों के खिलाफ अभी तक आंखे बंद किए कानपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने अचानक से रविवार की छु्ट्टी के दिन इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई की. अकेले जोन एक में ही केडीए अधिकारियों ने 29 अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया. यह कार्रवाई दिन की जगह भोर पहर से सुबह तक की गई.

गौरतलब हो कि कानपुर में लंबे समय से धड़ाधड़ अवैध निर्माण हो रहे हैं. इसके बावजूद केडीए अधिकारियोें और कर्मचारियों की नजरें अभी तक इन अवैध निर्माणों पर नहीं पड़ीं. रविवार को अचानक केडीए अफसरों ने जोन एक में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया और 26 अवैध निर्माणों को सील कर दिया. केडीए की इस कार्रवाई से बिल्डरों में भी हड़कंप मच गया. जिन स्थानों पर केडीए ने अवैध निर्माणों को सील किया, उसमें जाजमऊ, सिविल लाइंस, कृष्णापुरम, दवा मार्केट बिरहाना रोड, कोपरगंज, सिंहपुर कछार, सिंहपुर चौराहा से मंधना रोड, न्यू हाईवे सिटी जीटी रोड, नारामऊ कछार, कल्याणपुर शामिल हैं.

माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में तन रहीं अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है.गौरतलब हो कि केडीए अधिकारियों के आंखे मूंदने की वजह से वर्तमान मेें साउथ सिटी के रतनलालनगर, किदवईनगर, गोविंदनगर, श्यामनगर, दहेली सुजानपुर समेत अन्य स्थानों में तेजी से अवैध निर्माण हो रहे हैं.

