ABC News: प्रचंड गर्मी से बेहाल चल रहे लोगों को बिजली कटौती और ज्यादा परेशान कर रही है,, बिजली कटौती से परेशान चल रहे लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है, इसी बात का नजारा बिधनू के रमईपुर में देखने को मिला,, यहां पर ग्रामीणों ने नौबस्ता—सागर हाइवे पर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया,, काफी देर तक चले हंगामे के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए.

बिधनू के रमईपुर में बीते कुछ दिनों से लगातार बिजली कटौती की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद गांव में बिजली के दर्शन नहीं हो रहे हैं, इसके चलते गर्मी में लोग बेहाल देखे जा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि रात में भी बिजली नहीं आयी, जिसके बाद रविवार सुबह ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया और हाइवे पर हंगामा करते हुए उन्होंने जाम लगा दिया. इससे नौबस्ता और हमीरपुर के बीच आवागमन बाधित हो गया. हाइवे पर जाम लगाने की सूचना पर जब बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीण मानने को तैयार नहीं दिखे. बाद में मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया, जब जाकर ग्रामीण हाइवे से हटने को तैयार हुए.

