ABC NEWS: कानपुर सब्जी व्यापारी रीटू सोनकर के सात वर्षीय बेटे विराट को अगवा करने के कुछ घंटे बाद ही उसकी हत्या कर दी गई. ये अनुमान फोरेंसिक टीम ने मासूम का शव देखकर लगाया है, हालांकि शव पुराना होने से चोटों का पता नहीं चल सका है. बच्चे के चाचा ने केयरटेकर पंडित द्वारा बिना शव देखे ही विराट का होना बताये जाने से संदेह जताया तो भीड़ ने उसे पीट दिया था.

क्या हुई थी घटना
बादशाहीनाका स्थित सब्जी मंडी में रहने वाले सब्जी विक्रेता भीम सोनकर उर्फ रीटू का सात वर्षीय बेटा विराट 11 अक्टूबर की रात साढ़े आठ बजे संदिग्ध हालात में लापता हो गया था. रीटू के परिवार में पत्नी ममता, 20 वर्षीय शादीशुदा बेटी रूमी, 17 वर्षीय बेटा काका, 13 वर्षीय बेटा कृष्णा, 10 वर्षीय बेटा लोलो हैं. ममता ने बताया काफी तलाश करने पर भी विराट का पता नही चला तो थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
सामुदायिक शौचालय में मिला था शव
शुक्रवार की शाम थाने के निर्माणाधीन भवन के पीछे महिला शौचालय में कंबल में लिपटा हुआ विराट का शव मिलने से सनसनी फैल गई.केयरटेकर पंडित की सूचना पर भीड़ जुट गई. स्वजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की.

बच्चे की डेडबॉडी ले जाते पुलिसकर्मी
दो नवंबर काे था जन्म दिन
चाचा बाबी ने बताया विराट घर में सबसे छोटा और लाडला था. दो नवंबर को उसका जन्मदिन मनाया जाना था. वहीं बेटे की हत्या की जानकारी के बाद मां मामता की हालत बिगड़ गई. उन्हें सड़क पर ही आक्सीजन लगाया गया.
फोरेंसिक को गले की हड्डी टूटी मिली
फोरेंसिक एक्सपर्ट के मुताबिक गला घोंटकर हत्या की गई है उसकी गर्दन की हड्डी टूटी होने की आशंका है. हत्यारा शौचालय से पूरी तरह वाकिफ था. उसने ऐसे महिला शौचालय का इस्तेमाल किया जो प्रयोग में नहीं था.
केयरटेकर को भीड़ ने पीटा
स्वजन पहुंचे तो शव बिना देखे ही केयरटेकर पंडित ने विराट का नाम लिया था. इस बात पर केयरटेकर पर शक जता भीड़ ने उसे पीट दिया था. डीसीपी पूर्वी रवींद्र कुमार ने बताया कि अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर छह टीमें बच्चे की तलाश कर रही थीं. केयरटेकर से पूछताछ की गई है, घटना में शामिल लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है.

शौचालय जहां से मिली बच्चे की बॉडी
मंडी में नारियल विक्रेता से हुआ था विवाद
सूत्रों के मुताबिक व्यापारी रीटू सोनकर का घटना के दिन ही मंडी में नारियल विक्रेता मामा शैलेश के बेटे उदित सोनकर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि विराट के स्वजन हत्या के पीछे उदित का हाथ होने से इन्कार कर रहे हैं. बाबी ने बताया भाई रीटू वर्ष 2012 में बिल्हौर विधानसभा से राष्ट्रीय लोकमंच पार्टी से विधायकी का चुनाव लड़ चुके हैं और अब कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं.

