सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के बाद मतगणना जारी है. आज ही इन 13 सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे. इनमें बिहार की रुपौली विधानसभा सीट, पश्चिम बंगाल की रायगंज, रानाघाट दक्षिण, और मानिकताला, तमिलनाडु की विक्रवांडी, मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा, उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर और पंजाब की जालंधर सीट शामिल है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश की तेहरा, हमीरपुर और नालागढ़ सीट पर उपचुनाव कराए गए थे। बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद यह पहला चुनाव था.
रुझानों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की मिलाकर पांच सीटों पर कांग्रेस आगे है. पश्चिम बंगाल की चार सीटों पर टीएमसी आगे चल रही है। बिहार की रुपौली सीट पर जेडीयू ने बढ़त बनाई है. तमिलनाडु की विक्रवांडी सीट पर डीएमके आगे है. मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर भी बेजीपी कांग्रेस के धीरन शाह से पीछे हो गई है.
ये उपचुनाव इंडिया गठबंधन और एनडीए दोनों के लिए अहम माने जा रहे हैं. जाहिर सी बात है कि अगर इंडिया गठबंधन को इस उपचुनाव में बढ़त मिलती है तो यह मजबूत होगा. इस चुनाव में सीधी टक्कर एनडीए और इंडिया गठबंधन की थी। 10 जुलाई को इन सभी सीटों पर मतदान करवाए गए थे. ये सीटें विधायकों के निधन या फिर इस्तीफे की वजह से खाली हुई थीं.

