ABC NEWS: गुजरात के मोरबी में ब्रिज हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि लोग ब्रिज पर सेल्फी लेते और मौज मस्ती करते नजर आ रहे हैं. तभी कुछ ही सेकंड में ब्रिज गिर जाता है और कुछ ही पल में लोग नदी में समा जाते हैं.
35 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुल पर काफी भीड़ नजर आ रही है. ब्रिज काफी सकरा है. अचानक से ब्रिज टूटने पर सैकड़ों लोग इसमें गिर जाते हैं.
#Shocking: CCTV shows moment of the #Morbi bridge collapse. #MorbiBridgeCollapse pic.twitter.com/nGDXtAReue
— Pooja Mehta (@pooja_news) October 31, 2022
मोरबी में रविवार शाम करीब 6.30 बजे ये हादसे हुआ था. यहां मच्छु नदी पर बना केबल ब्रिज अचानक टूट कर नदी में गिर गया था. हादसे के वक्त ब्रिज पर 300-400 लोग मौजूद थे. कुछ लोगों ने ब्रिज के बाकी हिस्से और रस्सियों पर लटककर जान बचाने की कोशिश की. तो कुछ लोग तैरकर नदी से बाहर आने में सफल हुए. सैकड़ों लोग नदी में समा गए. हादसे में 141 लोगों की मौत गुजरात के मोरबी में हुए ब्रिज हादसे में अब तक 141 लोगों की मौत हो गई. पिछले 15 घंटे से रेस्क्यू अभियान जारी है. रेस्क्यू के लिए सेना, नेवी, एयरफोर्स एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं. अब तक 177 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. ब्रिज का मैनेजमेंट करने वाली कंपनी पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है. जांच के लिए कमेटी बना दी गई है. कंपनी पर 304, 308 और 114 के तहत क्रिमिनल केस दर्ज किया गया है.
5 दिन पहले ही खोला गया था ब्रिज
केबल ब्रिज 100 साल से ज्यादा पुराना बताया जा रहा है. यह ब्रिटिश शासन के दौरान बनाया गया था. राजा-महाराजाओं के समय का यह पुल ऋषिकेश के राम-झूला और लक्ष्मण झूला पुल कि तरह झूलता हुआ सा नजर आता था, इसलिए इसे झूलता पुल भी कहते थे. इसे गुजराती नव वर्ष पर महज 5 दिन पहले ही रिनोवेशन के बाद चालू किया गया था. यह पुल 7 महीने से बंद था. बताया जा रहा है कि फिटनेस सर्टिफिकेट लिए बिना ही ब्रिज को शुरू कर दिया गया था. ब्रिज पर घूमने आए लोगों को 17 रुपए का टिकट खरीदना होता था. वहीं, बच्चों के लिए 12 रुपए का टिकट अनिवार्य था. नगर पालिका चीफ ऑफिसर संदीप सिंह ने बताया कि कम्पनी ने रेनोवेशन खत्म किया है या नहीं किया इसकी जानकारी दिए बगैर ही ब्रिज छुट्टियों में शुरू किया गया और बहुत सारे लोग एक साथ भेजे थे तो उसकी वजह से हादसा हो गया. उन्होंने बताया कि नगर पालिका से फिटनेस सर्टिफिकेट भी नहीं लिया गया.

