भारतीय टीम और जिम्बाब्वे के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार (14 जुलाई) को खेला गया. यह मैच हरारे स्पोर्ट्स में हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने 42 रनों से जीत दर्ज की. इसके साथ ही शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ उसी के घर में यह सीरीज 4-1 से जीत ली है.
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 168 रनों का टारगेट दिया. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 18.3 ओवर में 125 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा दिया. टीम के लिए डियोन मायर्स ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए. जबकि तदीवानाशे मारुमनी और फराज अकरम ने बराबर 27 रन बनाए.
भारतीय टीम की ओर से एकदम सटीक गेंदबाजी हुई. तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने कहर बरपाती हुई बॉलिंग की और 22 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. उनके अलावा शिवम दुबे को 2 सफलताएं मिलीं. तुषार देशपांडे, अभिषेक शर्मा और वॉशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट लिया.
संजू की दूसरी टी20 फिफ्टी, दुबे ने भी दिखाए तेवर
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवाकर 167 रन बनाए. एक समय टीम ने 40 रनों पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद संजू सैमसन और रियान पराग ने 56 गेंदों पर 65 रनों की अहम पार्टनरशिप की और टीम को मुश्किल स्थिति से निकाला.
संजू ने 45 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 1 चौका जमाया. जबकि रियान ने 22 रन बनाए. आखिर में शिवम दुबे ने 12 गेंदों पर 22 रन जड़े. दूसरी ओर जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी ने धांसू गेंदबाजी की और 2 विकेट झटके. कप्तान सिकंदर रजा, रिचर्ड नगारवा और ब्रेंडन मावुता को 1-1 सफलता मिली.
भारतीय प्लेइंग-11 में हुए कई बदलाव
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज पर 4-1 से कब्जा कर लिया है. इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में 2 बदलाव हुए. कप्तान गिल ने तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और रियान पराग को एंट्री दी. जबकि ऋतुराज गायकवाड़ और खलील अहमद को बाहर किया है. जबकि जिम्बाब्वे टीम में टेंडाई चतारा की जगह ब्रेंडन मावुता को जगह दी.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच हेड-टु-हेड
भारतीय टीम और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 13 टी20 मैच हुए हैं. इन मैचों में से भारत ने 10 जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे 3 मौकों पर विजयी हुआ. वहीं दोनों देशों के बीच कुल 66 वनडे मैच हुए हैं. इस में से भारतीय टीम ने 54 बार जीत हासिल की है.
जबकि 10 वनडे मुकाबलों में जिम्बाब्वे की टीम को जीत मिली है. दोनों टीमों के बीच 2 मैच टाई रहे हैं. वहीं कुल 11 टेस्ट मैचों में 7 बार भारत को जीत मिली है, 2 बार जिम्बाब्वे तो 2 मैच ड्रॉ पर छूटे हैं.
दोनों टीमों के बीच टी20 रिकॉर्ड
कुल टी20 मैच: 13 भारत जीता: 10 जिम्बाब्वे जीता: 3
भारत और जिम्बाब्वे की प्लेइंग-11:
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे और मुकेश कुमार.
जिम्बाब्वे टीम: वेस्ली मधेवेरे, तदीवानाशे मारुमनी, ब्रायन बेनेट, सिकंदर रजा (कप्तान), डियोन मायर्स, जोनाथन कैम्पबेल, क्लाइव मडांडे (विकेटकीपर), फराज अकरम, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी और ब्रेंडन मावुता.

