शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय जिम्बाब्वे दौरे पर है. जहां उसका दमदार प्रदर्शन जारी है. पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की और सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. भारतीय टीम ने दूसरा मैच 100 और अब तीसरा मैच 23 रनों से जीत लिया.
भारतीय टीम और जिम्बाब्वे के बीच सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला बुधवार (10 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेला गया. मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 183 रनों का टारगेट सेट किया. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 6 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी.
बल्लेबाजी में जिम्बाब्वे के लिए डियोन मायर्स ने 49 गेंदों पर सबसे ज्यादा नाबाद 65 रनों की पारी खेली. जबकि विकेटकीपर क्लाइव मडांडे ने 26 गेंदों पर 37 रन बनाए.
इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका. जबकि भारतीय टीम के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने 3 और आवेश खान ने 2 विकेट झटके. एक विकेट खलील अहमद ने लिया.
गिल ने खेली कप्तानी पारी, जमाई दमदार फिफ्टी
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 4 विकेट गंवाकर 182 रन बनाए. मैच में शुभमन गिल के साथ यशस्वी जायसवाल ने ओपनिंग की. गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली. इस दौरान 3 छक्के और 7 चौके जमाए. जबकि यशस्वी ने 36 रन जड़े.
इनके अलावा मिडिल ऑर्डर में ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली. पिछले मैच में शतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा कोन नंबर-3 पर भेजा, जो 10 रन ही बना सके. खराब फील्डिंग के बीच जिम्बाब्वे के लिए कप्तान और स्पिनर सिकंदर रजा ने 2 विकेट लिए. ब्लेसिंग मुज़ारबानी को भी 2 सफलता मिली.
भारतीय टीम में हुए 4 बड़े बदलाव
इस मुकाबले के लिए कप्तान गिल ने अपनी प्लेइंग-11 में 4 बड़े बदलाव किए. साई सुदर्शन, रियान पराग, ध्रुव जुरेल और मुकेश कुमार को बाहर किया. जबकि संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, शिवम दुबे और खलील अहमद को एंट्री मिली. खलील ने पहला मैच भी खेला था. जबकि संजू, यशस्वी और शिवम इसी मुकाबले से टीम के साथ जुड़े हैं.
दूसरी ओर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी प्लेइंग-11 में 2 बदलाव किए. उन्होंने इनोसेंट काइया और ल्यूक जोंगवे को बाहर किया. काइया चोटिल हैं. इन दोनों की जगह तदीवानाशे मारुमनी और रिचर्ड नगारवा को जगह मिली.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच हेड-टु-हेड
भारतीय टीम और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 11 टी20 मैच हुए हैं. इन मैचों में से भारत ने 8 जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे 3 मौकों पर विजयी हुआ. वहीं दोनों देशों के बीच कुल 66 वनडे मैच हुए हैं. इस में से भारतीय टीम ने 54 बार जीत हासिल की है.
जबकि 10 वनडे मुकाबलों में जिम्बाब्वे की टीम को जीत मिली है. दोनों टीमों के बीच 2 मैच टाई रहे हैं. वहीं कुल 11 टेस्ट मैचों में 7 बार भारत को जीत मिली है, 2 बार जिम्बाब्वे तो 2 मैच ड्रॉ पर छूटे हैं.
दोनों टीमों के बीच टी20 रिकॉर्ड
कुल टी20 मैच: 11
भारत जीता: 8
जिम्बाब्वे जीता: 3

