रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित किया. प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है. यह भारत और रूस के बीच सदियों पुरानी दोस्ती का प्रतिबिंब है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी का सम्मान है. उन्होंने कहा कि पुतिन के नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों में भारत और रूस के बीच संबंध मजबूत हुए हैं.
PM ने भारत और रूस के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए बात की. उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करना होगा. आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. ऐसे निर्णय जिनसे न केवल दोनों देशों को बल्कि पूरी दुनिया को फायदा होगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत रूस की साझेदारी महत्वपूर्ण है. हमारा मानना है कि शांति और स्थिरता के लिए प्रयास जारी रहना चाहिए. हम इस दिशा में लगातार काम करेंगे.
इससे पहले, सोमवार शाम को पुतिन ने नोवो-ओगारियोवो में मोदी की मेजबानी की. डिनर पर दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई. पीएम ने X पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘… हमारी वार्ता का भी बेसब्री से इंतजार है, जो निश्चित रूप से भारत और रूस के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने में काफी मददगार साबित होगी.’
युद्ध खत्म करने के लिए लें बातचीत का सहारा- पीएम मोदी
रूस दौरे पर गए पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन को बातचीत का सहारा लेने की सलाह दी है. उन्होंने द्विपक्षीय बैठक में पुतिन से दोटूक अंदाज में कहा कि युद्ध के मैदान से कोई समाधान नहीं निकलता. लिहाजा बंदूक के बजाय आपसी वार्ता से मुद्दों का समाधान निकालें.
मॉस्को में गूंजे मोदी-मोदी के नारे
पीएम मोदी ने रूस के क्रेमलिन में अज्ञात सैनिक की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की. उन्होंने मॉस्को में प्रदर्शनी स्थल पर रोसाटॉम मंडप का भी दौरा किया. इसके बाद, पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया. वहां मौजूद लोगों ने ‘हर-हर मोदी, घर-घर मोदी’ के साथ ‘जय श्रीराम’ के भी नारे लगाए. साथ ही पीएम मोदी ने जगन्नाथ यात्रा के बारे में बताते हुए अपने स्कार्फ को दिखाकर बताया कि महाप्रभु जगन्नाथ जी का आशीर्वाद आप सभी पर बना रहे.
PM मोदी के पुतिन को गले लगाने पर भड़के जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को मॉस्को पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को गले लगाना रास नहीं आया. जेलेंस्की ने X पर एक पोस्ट में कहा, ‘रूस के क्रूर मिसाइल हमले के चलते आज यूक्रेन में 37 लोग मारे गए, जिनमें तीन बच्चे थे, तथा 170 लोग घायल हो गए, जिनमें 13 बच्चे शामिल हैं… यह बेहद निराशाजनक है और शांति प्रयासों के लिए एक विनाशकारी झटका है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता ने ऐसे दिन मास्को में दुनिया के सबसे खूनी अपराधी को गले लगाया.

