कानपुर के जाजमऊ में शनिवार देर रात एक टेनरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. मौके पर पहुंची दमकल की आधा दर्जन गाड़ियो ने करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया. आग बुझाने के दौरान एक दमकल कर्मी भी घायल हो गया. वही रविवार सुबह धुआं निकलने चलते एहतियातन दो दमकल पानी डालती रही.
जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी निवासी जावेद इकबाल की 150 फीट रोड हड्डी मिल के पास नाज टेनरी है. थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि देर रात टेनरी के अपर सेक्शन में शार्ट सर्किट से आग लग गई. धीरे धीरे आग बढ़ गयी. टेनरी में मजदूरों ने पहले आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ता देख मजदूर शोर मचाते हुए टेनरी से बाहर आ गए। फिर टेनरी मालिक और दमकल समेत पुलिस को सूचना दी.

जानकारी मिलते ही पुलिस और मीरपुर, जाजमऊ फायर स्टेशन से छह दमकल पहुंच गई. दमकलकर्मियों ने करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया. वही आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मी सलमान अली के हाथ पर छत का प्लास्टर गिर गया जिससे वह घायल हो गया. उसे उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल भेजा गया. रविवार सुबह भी धुआं निकलने के चलते दमकल की दो से तीन गाड़ियां एहतियात के तौर पर पानी डालती रही. जब धुआं पूरी तरह से निकलना बंद हो गया तब गाड़ियां वहां से हटी.
जाजमऊ फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी. आग बुझाने में एक दमकल कर्मी घायल हो गया था. फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है. वहीं आग से टेनरी में रखा सारा माल व चमड़ा जलकर खाक हो गया.

