कानपुर देहात में बरौर थाना क्षेत्र के टुटुईचांद गांव में तालाब में फिसलकर गिरी मासूम बेटी को बचाने के प्रयास में मां तालाब में डूब गई. परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने उसे बाहर निकाला. उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.
टुटुईचांद गांव के अखिलेश की पत्नी अलका शुक्रवार रात चार साल की बेटी को शौच कराने गांव के तालाब के पास ले गई थी. बच्ची अचानक फिसलकर तालाब में गिर गई. पास स्थित घर के बाहर लेटे पति को आवाज देकर अलका बच्ची को बचाने के लिए तालाब में कूद गई. आवाज सुनकर वहां पहुंचे अखिलेश ने बेटी को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन अलका पानी में डूब गई. शोर सुनकर गांव के लोग भी पहुंचे तथा कुछ युवाओं ने तालाब में कूदकर अलका को बाहर निकाला. इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए. इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. श्री प्रकाश ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इससे वहां कोहराम मच गया. डॉक्टर ने शव मार्च्युरी में रखवाकर पुलिस को मेमो भेजा. एसओ बरौर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है.

