ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) जिस शख्स ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी थी. वह अब उत्तर प्रदेश पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है. मंगलवार को यूपी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार युवक कानपुर के बाबू पुरवा इलाके का रहने वाला है. धमकी देने वाले युवक की पहचान आमीन के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में जुटी है, बताया जा रहा है कि मोबाइल खो जाने का प्रार्थना पत्र 2 दिन पूर्व इसी युवक ने बाबू पुरवा में दिया था.

112 पर मारने का दिया था मैसेज
बाबूपुरवा निवासी आमीन नाम के युवक को बाबूपुरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक युवक ने गर्लफ्रेंड के पिता को फंसाने के लिए मोबाइल से सीएम को जान से मार देने का मैसेज डायल 112 पर भेजा था. उसने गर्लफ्रेंड के पिता का मोबाइल चोरी किया. उसी चोरी के मोबाइल से सीएम को धमकी भरा मैसेज डायल 112 पर भेज दिया. पुलिस जब इस मामले में जांच में जुटी तो फोन के मालिक से पूछताछ की गई.
2 दिन पहले फोन किया था चोरी
फोन मालिक ने बताया कि 2 दिन पहले ही उसका फोन चोरी हो गया था. लोगों से भी पूछताछ की गई तो मालूम पड़ा कि आरोपी युवक गर्लफ्रेंड के पिता को पसंद नहीं करता था क्योंकि लड़की का पिता आमीन से रिश्ते को लेकर खुश नहीं था. इसलिए युवक ने गर्लफ्रेंड के पिता को फंसाने के लिए इस तरह से धमकी भरा मैसेज डायल 112 पर भेज दिया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
एसीपी बाबूपुरवा संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बेगम पुरवा निवासी आमीन को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के दौरान आमीन उर्फ छोटू ने बताया है कि सज्जाद हुसैन नाम के व्यक्ति के घर से 10 दिन पहले मोबाइल चोरी किया था. मोबाइल को फेंक दिया। उससे सिम निकाल कर अपने मोबाइल में सिम लगा कर धमकी दी. मामले में गहनता से पूछताछ की जा रही है. मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

