ABC NEWS: यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में अभ्यर्थियों को जल्द ही कोई अच्छी खबर मिल सकती है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अफसरों ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है. साथ ही अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल से कहा है कि जांच के लिए थोड़ा वक्त लगेगा. अभ्यर्थियों की ओर से बोर्ड के अधिकारियों से बात करने के बाद 7 सदस्ययी प्रतिनिधिमंडल आश्वस्त नजर आया.
दरअसल, सोशल मीडिया पर हर दिन अभ्यर्थी पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस मामले में बोर्ड (UPPRPB) ने अभ्यर्थियों से पेपर लीक की शिकायतों पर सबूत के साथ आपत्तियां मांगी थे. भर्ती बोर्ड ने शुक्रवार की शाम 6:00 बजे तक अभ्यर्थियों की शिकायतों को लेकर सबूतों को साबित करने वाली आपत्तियां, प्रत्यावेदन (Representation) मांगे थे. इस पर बोर्ड को लगभग डेढ़ हजार शिकायतें भर्ती बोर्ड को ऑनलाइन प्राप्त हुई हैं. इसी बीच अभ्यर्थियों की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड के अधिकारियों से मुलाकात भी की.
मुलाकात के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने जताया भरोसा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अफसरों से अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की है. 7 सदस्ययी प्रतिनिधिमंडल ने भर्ती बोर्ड को ज्ञापन और पेपर लीक के सबूत दिए हैं. भर्ती बोर्ड के अफसर से मुलाकात के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अफसर से मुलाकात के बाद हमें भरोसा है. डीजी मैम से मुलाकात हुई और उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि जांच के बाद कार्रवाई करेंगे, हमें जांच करने का वक्त चाहिए. 7 सदस्ययी टीम मे 5 कोचिंग सेंटर टीचर व 2 अभ्यर्थी रहे मौजूद थे.
भर्ती बोर्ड की DG ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर UP पुलिस भर्ती बोर्ड की DG रेणुका मिश्रा ने कहा कि अभी हम लोगों को एप्लीकेशन मिले हैं. उनकी जांच की जा रही है. जांच के बाद ही फैसला लिया जाएगा. रेणुका मिश्रा का कहना है कि अभी तक जितने मेल आए हैं, उनकी जांच की जा रही है. जांच के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा.
सपा विधायक पल्लवी पटेल ने यूपी सरकार को घेरा
वहीं पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से समाजवादी पार्टी के विधायक पल्लवी पटेल ने मुलाकात के बाद कहा कि हम इन बच्चों के साथ हर लड़ाई के लिए तैयार हैं. यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. यह सरकार नौकरी दे नहीं पा रही है और जो पेपर हो भी रहे हैं तो लीक हो जाते हैं. बच्चे सालों मेहनत करते हैं परीक्षा देते हैं और उसके बाद पता चलता है कि पेपर लीक हो गया, बच्चों के संघर्ष में हम उनके साथ हैं.
बता दें कि यूपी पुलिस सिपाही पद पर कुल 60244 रिक्तियों को भरने के लिए 17 और 18 फरवरी को प्रदेशभर में आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में 48 लाख से ज्यादा उम्मीदवार उपस्थित हुए थे. अभ्यर्थियों का कहना है कि दो दिन की चार पाली में हुई इस भर्ती परीक्षा में 17 और 18 फरवरी की दूसरी शिफ्ट का पेपर लीक हुआ है. 18 फरवरी की शाम 3 से 5 की पाली में हुए प्रश्न पत्र तमाम अभ्यर्थियों के पास और कोचिंग टीचर्स के पास पहले ही पहुंच गए थे. जिसे लेकर शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर उसी समय पोस्ट भी लिखी कि पेपर लीक होने की बाते सामने आ रही है.

