ABC NEWS: यूपी के गोंडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बैंक से लोन न मिलने से आहत युवक ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर बैंक के मेन ब्रांच के सामने ही आग लगा ली. जल रहे युवक को बचाने के प्रयास में उसके साथ आया युवक भी बुरी तरीके से झुलस गया. राहगीरों ने आनन-फानन में दोनों झुलसे युवकों को बाबू ईश्वर शरण अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को इलाज के लिए लखनऊ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
बताया जाता है कि थाना इटियाथोक के सरहरा पांडेयपुरवा निवासी दिव्यराज पांडेय पुत्र मुन्ना लाल पांडेय बैंक से बिजनेस लोन लेना चाह रहा था. इसी सिलसिले में वह गांव के प्रदीप पांडेय पुत्र विश्वनाथ के साथ शहर के मेन ब्रांच आया था. बुधवार दोपहर दिव्यराज ने बैंक के सामने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली. उसको बचाने के प्रयास में प्रदीप पांडेय भी झुलसकर घायल हो गया.
नगर कोतवाल ने राहगीरों की मदद से पहुंचाया अस्पताल
SBI मेन ब्रांच के सामने ही नगर कोतवाली स्थिति है. युवक के आग लगाने के बाद हो हल्ला होने लगा. आवाज सुन कोतवाली से संजय कुमार गुप्ता हमराहियों के साथ भागकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाई. इसके बाद तुरंत दोनों को बाबू ईश्वर शरण अस्पताल पहुंचाया.
अब लोन के लिए किया गया आवेदन ढूंढ रहा बैंक
आग लगाने वाले युवक ने कर्ज के लिए किस योजना से और किस शाखा में आवेदन किया था, इसकी जानकारी अभी बैंक को नहीं है. एसबीआई बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है कि युवक ने किस शाखा से कर्ज के लिए आवेदन किया था.
अस्पताल दौड़े-दौड़े पहुंचे अफसर
युवक के आग लगाने की सूचना पर कई अफसर अस्पताल पहुंचे. सीओ शिल्पा वर्मा, सीएमओ डा रश्मि वर्मा, एडीएम सुरेश कुमार सोनी अस्पताल पहुंचे और इलाज की स्थिति की जानकारी ली. दोनों युवकों रेफर कराने के बाद ही एडीएम अस्पताल से हटे.
इस मामले में एएसपी शिवराज ने बताया कि युवक के बैंक के सामने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा लेने की घटना की जांच कराई जा रही है. सीओ सिटी को मामले की जांच सौंपी गई है. रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्यवाही की जाएगी.

