ABC NEWS: लखनऊ कोर्ट में हुए माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के शूटर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की हत्या में कई बड़े खुलासे हो रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, संजीव जीवा की हत्या करने के लिए एक से ज्यादा शूटर आए हुए थे. विजय यादव कोर्ट में अकेला नहीं था. उसके साथी भी कोर्ट में मौजूद थे. इन लोगों ने प्लान बी भी तैयार कर रखा था. अगर विजय के फायरिंग करने के दौरान संजीव जीवा भागने की कोशिश करता तो विजय के साथ आया दूसरा शूटर उस पर फायर करता.
गैंगस्टर संजीव जीवा के पेशी पर लाए जाने से काफी देर पहले ही विजय यादव वकील के भेष में एससी-एसटी कोर्ट रूम के बाहर बैठ गया था. कोई शक न करे, इसलिए जेब में पेन लगाने के साथ हाथों में फाइल भी पकड़े हुए था. विजय संजीव जीवा के साथ ही पीछे से कोर्ट रूम के भीतर गया और मौका मिलते ही जीवा पर कोट से रिवॉल्वर निकाल कर पीछे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

विजय ने एक शार्प शूटर की तरह हमला बोला, जिससे संजीव जीवा को पीछे पलटने का भी वक्त नहीं मिला और वह मौके पर ही ढेर हो गया. वहीं संजीव जीवा की हत्या करने के बाद विजय बचने के लिए कोर्ट रूम से बाहर भागा, लेकिन वकीलों ने दौड़ाकर उसको पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. पुलिस ने बढ़ी मुश्किल से विजय को वकीलों के चंगुल से बचाया.
बता दें कि मुख्तार अंसारी के खास शूटर संजीव जीवा की हत्या के मामले में एसआईटी टीम का गठन किया गया है. एसआईटी टीम को सात दिन के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी. टीम ने बुधवार रात लखनऊ कोर्ट परिसर में जांच-पड़ताल की. टीम ने उस रिवॉल्वर को भी अपने कब्जे में लिया, जिससे संजीवा जीवा की गोली मारकर हत्या की गई थी.

