ABC NEWS: गोरखपुर में चोरी की हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक घर से लाखों का माल पार कर दिया. चोर गमछा पहनकर घर में दाखिल हुए, फिर गुटखा खाया, शराब पी और शौचालय का भी इस्तेमाल किया. उसके बाद बड़े ही आराम से तीन मंजिला मकान को खंगाला. आखिर में लाखों के जेवरात लेकर नौ-दो-ग्यारह हो गए. फिलहाल, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.
पूरा मामला राजघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत हांसूपुर का है, जहां रहने वाले यूट्यूबर नीतीश गुप्ता का परिवार अधिकतर बाहर ही निवास करता है. बीते 17 अप्रैल को नीतीश नोएडा गए हुए थे. कल जब वह अपने घर वापस पहुंचे तो देखा ताला टूटा था, अंदर के दरवाजे के ताले भी टूटे पड़े थे. घर का पूरा सामान बिखरा हुआ था. जिसपर उन्होंने तत्काल पड़ोसियों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को खबर दी. जिसके बाद मौके पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई.
घर की स्थिति देखने से पता चल रहा था कि चोरों ने घंटों रहकर पूरे घर को खंगाल डाला होगा और घर में रखे सोने और चांदी सहित तमाम कीमती सामानों की चोरी कर बड़े आराम से फरार हो गए होंगे. पूरे मकान में गुटखा का पाउच फेंका हुआ था. बेसिन में गुटखा की पीक थी. चोरों में से किसी ने शौचालय का भी इस्तेमाल किया था.
पीड़ित नीतीश की मानें तो घर में कुछ इंपोर्टेड शराब की बोतलें भी मौजूद थीं, जिसे चोर अपने साथ ले गए. उसमें से किसी एक ने गमछा पहना हुआ था, जिसे वो गलती से घर में ही भूल गया था. फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल जाकर सबूत जुटाए हैं.
क्या कहना है पुलिस का?
मामले में एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिशनोई ने बताया कि घटना की जानकारी है, पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है. आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है. सीसीटीवी आदि खंगाले जा रहे हैं.

