कानपुर: लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में 90 दिनों से खौफ का पर्याय बना बाघ आखिरकार ट्रैंकुलाइज करके पकड़ लिया गया। इस चुनौतीपूर्ण अभियान में कानपुर चिड़ियाघर के रेस्क्यू एक्सपर्ट डॉ. नासिर और डॉ. दक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों विशेषज्ञों और उनकी टीम ने दिन-रात बाघ की हर गतिविधि पर नजर रखी और कई चुनौतियों के बावजूद अंततः सफलता प्राप्त की।
500 मीटर तक पीछा कर किया ट्रैंकुलाइज
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान, डॉक्टर दक्ष और डॉक्टर नासिर ने बाघ की घेराबंदी की और करीब 500 मीटर तक उसका पीछा किया। पहले डॉट मारने के बावजूद बाघ 800 मीटर तक भाग गया, जिससे टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार, सही मौके पर दूसरी डॉट चलाई गई, जिससे बाघ बेहोश होकर गिर पड़ा।
डीएफओ के अनुसार, यह बाघ करीब 230 किलो वजनी और 3 से 4 साल का है। पकड़े जाने के बाद बाघ को बख्शी का तालाब रेंज कार्यालय लाया गया, जहां वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम उसका इलाज कर रही है।
लखनऊ के रहमान खेड़ा में बीते तीन माह से आतंक फैला रहे शेर को बुधवार को पकड़ लिया गया। इससे आस-पास के लोगों ने राहत की सांस ली है। pic.twitter.com/JMJHB6l2cP
— Rajneesh Rastogi (@Rajneeshht) March 5, 2025
29 दिनों तक चला ऑपरेशन, सबसे बड़ी चुनौती
डॉ. नासिर ने बताया कि 7 दिसंबर से यह ऑपरेशन शुरू हुआ था और 29 दिन बाद, 5 मार्च को सफलता मिली। बाघ को पकड़ने के लिए कई रणनीतियाँ अपनानी पड़ीं।
उन्होंने कहा, “बीते मंगलवार को बाघ ने एक गाय का शिकार किया था, जिससे उसका पेट भरा हुआ था और वह जंगल में आराम कर रहा था। यह मेरे करियर का सबसे कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन था, लेकिन हमने हार नहीं मानी।”
गोबर का लेप लगाकर जंगल में बिताए दिन
बाघ को पकड़ने के लिए टीम को प्राकृतिक तरीकों का सहारा लेना पड़ा। डॉ. नासिर ने बताया, “जब हम 22 फरवरी को लखनऊ पहुंचे, तो 5 मार्च तक हमने नहाया नहीं। गोबर का लेप पूरे शरीर पर लगाकर पिंजड़े में बैठते थे, ताकि हमारी गंध बाघ तक न पहुंचे। अगर जंगल में जाना होता, तो गोबर लगाकर हाथी पर बैठते थे। इससे ह्यूमन फ्रेगरेंस का खतरा समाप्त हो जाता था।”
वन विभाग और प्रशासन ने ली राहत की सांस
बाघ के सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली। विशेषज्ञों और अधिकारियों की टीम की इस उपलब्धि की सराहना हो रही है।
