ABC NEWS: सरकारी विभागों का खेल तो सबको पता है. कभी-कभी ऐसे मामले सामने आते हैं, जो दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर कर देते हैं. ऐसा ही एक मामला कानपुर नगर निगम से सामने आया है. जहां एक मृतक व्यक्ति की दो-दो बार मृत्यु प्रमाणपत्र जारी हो गया. परिजनों का आरोप है कि भूमाफियों ने यह पूरा खेल किया है. इसके बाद से परिवार अब न्याय की गुहार लगा रहा है.
कानपुर के श्याम नगर निवासी बुजुर्ग महिला माया का कहना है कि उसके ससुर जखई की मृत्यु 1989 में एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी. इसके बाद एफआईआर दर्ज होने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम भी हुआ था. महिला ने आरोप लगाया कि आदर्श नगर निवासी मेहताब सिंह ने जमीन कब्जाने के उद्देश्य से 1991 में मृत्यु दिखाते हुए एक और प्रमाणपत्र नगर निगम कर्मचारियों की मिली भगत से बनवा लिया.
भूमाफियाओं की तरफ से की जा रही फ्रॉडगिरी
इस मामले में पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत दी है. पीड़िता के वकील रवीन्द्र शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने जांच कराने की बात कही है. वकील शर्मा ने कहा कि जमीन कब्जा करने के उद्देश्य से भूमाफियाओं की तरफ से ये फ्रॉडगिरी की जा रही है. जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश हो जाएगा.

