ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) जेल में बंद कानपुर के सपा विधायक इरफान सोलंकी के गैंगस्टर केस में गुरुवार को करीब 3.75 करोड़ की संपत्ति और सीज कर दी गई. इरफान के भाई रिजवान सोलंकी और हाजी अज्जन की कानपुर और उन्नाव की संपत्ति सीज की गई है. इरफान केस में पुलिस अब तक 93 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है. इरफान के साथ गैंगस्टर एक्ट में शामिल सभी आरोपियों की करीब 300 करोड़ की संपत्ति पुलिस ने चिह्नित की है.

कानपुर के जाजमऊ स्थित फ्लैट और उन्नाव की जमीन हुई सीज
सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के साथ ही पांच लोगों पर गैंगस्टर के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में गैंगस्टर की जांच कर रही एसआईटी टीम ने गुरुवार दोपहर को इरफान के भाई रिजवान की पत्नी शाइना सोलंकी के नाम जाजमऊ आशियाना कॉलोनी ब्लॉक नंबर-5 के फ्लैट नंबर-2 को सीज कर दिया. इसके साथ ही रिजवान की क्रेटा कार, रिवॉल्वर, रायफल समेत 75 लाख की संपत्ति सीज की है.
इसके साथ ही गैंगस्टर के दूसरे आरोपी हाजी अज्जन और उसके बेटे के नाम उन्नाव अचलगंज थाना क्षेत्र के कटरी क्षेत्र की 3 बीघा जमीन सीज की है. इसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है. पुलिस ने कुल मिलाकर रिजवान और अज्जन की मिलाकर करीब 3.75 लाख की संपत्ति सीज की है.

अब तक 93 करोड़ की संपत्ति सीज
जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि इरफान गैंगस्टर केस की जांच कर रही पुलिस टीम अब 93 करोड़ की संपत्ति सीज की है. इरफान सोलंकी की कानपुर से लेकर गाजियाबाद, नोएडा और मुंबई समेत कई जगह कुर्क की गई है. इसके साथ ही गैंग के पांच अन्य आरोपियों की संपत्ति सीज करने की कार्रवाई की जा रही है.
गैंगलीडर इरफान के साथ 5 आरोपी
कानपुर से सीसामऊ विधानसभा से चार बार के विधायक इरफान सोलंकी के साथ ही उनके भाई रिजवान सोलंकी, सपा नेत्री के पिता शौकत अली, हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, फतेहपुर का हिस्ट्रीशीटर बिल्डर हाजी अज्जन और मोहम्मद शरीफ पर गैंगस्टर एक्ट लगा है. विधायक समेत इन पांचों आरोपियों की करीब 30 करोड़ की संपत्ति सीज की जानी है.

