ABC NEWS: सपा विधायक इरफान सोलंकी के वकील ने उनका केस लड़ने से इनकार कर दिया है. वकील गौरव दीक्षित ने का कहना है कि इरफान पर फीस के तौर पर 4 महीने में 32 लाख रुपए की पेमेंट बकाया है. केस की शुरुआत से लेकर अब तक मैं अपनी जेब से पैसा खर्च कर रहा हूं. अब ऐसे केस लड़ना संभव नहीं है. वकील ने विधायक के खिलाफ थाने में शिकायत भी दी है.
गौरव दीक्षित ने बताया, मैंने इरमान के परिजनों से कई बार फीस देने के लिए कहा लेकिन हर बार उन्होंने टाल दिया. इससे परेशान होकर मंगलवार को मैंने एडीजे-1 कोर्ट से इरफान की जमानत अर्जी वापस ले ली थी. बुधवार को मैंने कोर्ट में मौखिक रूप से भी केस लड़ने से मना कर दिया.

ये तस्वीर इरफान सोलंकी के सरेंडर करने के बाद की है. उस समय वकील गौरव दीक्षित के साथ इरमान की मां, पत्नी और बहन ने प्रेस वार्ता की थी.
वरिष्ठ अधिवक्ता के हायर करने के बाद शुरू हुआ मनमुटाव
बता दें, पहले गौरव दीक्षित ही इरफान के सभी मामले देख रहे थे. अभी एक महीने पहले परिजनों ने वरिष्ठ अधिवक्ता करीम अहमद और शईद नकवी को हायर किया. इसके बाद से ही गौरव दीक्षित का उन अधिवक्ताओं से मनमुटाव शुरू हो गया था.
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बोले जांच करेंगे
मामले में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि वकील की तरफ से जो भी शिकायत दी गई है. उसकी मेरिट के आधार पर जांच की जाएगी. उसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. बता दें कि विधायक सोलंकी मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता करीम अहमद और शईद नकवी भी पैरवी कर रहे हैं.
नवंबर के बाद से इरफान की बढ़ती गईं मुश्किलें
जाजमऊ में प्लॉट पर कब्जे को लेकर आगजनी की घटना हुई थी. मामले में नजीर फातिमा ने 7 नवंबर 2022 को सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ प्लॉट पर कब्जे के लिए आग लगवाने का आरोप लगाते हुए जाजमऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
मामले में विधायक पहले एक महीने तक फरार रहे. सरेंडर करने के बाद विधायक पर एक के बाद एक 8 मुकदमे दर्ज किए गए. विधायक पर पुलिस ने गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की है. फिलहाल विधायक महाराजगंज जेल और उनका भाई रिजवान कानपुर जेल में बंद हैं.

