ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर रिंग रोड को धरातल पर उतारने का कार्य धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगा है. कानपुर रिंग रोड कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव जिले से होकर गुजरेगी. इसके लिए अधिग्रहित भूमि के पांच हेक्टेयर क्षेत्र में जंगल है, जबकि 30 स्थानों पर हाईटेंशन लाइन यानी बिजली के तार कार्य में बाधाक बनेंगे.
जंगल की कटाई के शासन को पत्र
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआइ ने जंगल कटाई और तार हटाने के लिए शासन से लेकर जिला प्रशासन को पत्र लिखा है. समय से हटा दिया जाए, जिससे निर्माण कार्य में कोई अड़चन न आने पाए. निर्माण कार्य तय समय में कार्य पूरा कर लिया जाए. इसके लिए मंडलायुक्त ने तीनों जिलों के पदाधिकारियों की एक्शन कमेटी बनाई है, जो अड़चनों का त्वरित निस्तारण करेगी.
कानपुर रिंग रोड एनएचएआइ का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जो प्रदेश के सबसे पुराने शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाएगा. साथ ही शहर के नए क्षेत्रों में विकास की इबारत भी लिखेगा. रिंग रोड के 93.20 किलोमीटर लंबी है, जो कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव जिले से होकर गुजरेगी. निर्माण कार्य को चार पैकेज में बांटा है.
जून से शुरू होगा कार्य
पैकेज एक मंधना से सचेंडी 23.325 किलोमीटर और पैकेज चार 25.750 किलोमीटर सचेंडी-रमईपुर-साढ़ तक है, जिसका टेंडर फाइनल करके ठेकेदार भी तय करते हुए वर्क आर्डर भी जारी कर दिया है. जून से कार्य शुरू हो जाएगा. इसी तरह पैकेज तीन 27.9 किलोमीटर का रमईपुर से महाराजपुर होते हुए उन्नाव के आटा तक है.
पैकेज दो मंधना से आटा तक 16.225 किलोमीटर का है। पैकेज तीन व चार में भूमि अधिग्रहण व मुआवजा वितरण की कार्रवाई तेजी से चल रही है. साथ ही टेंडर निकालने को एनएचएआइ मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है. तीनों जिलों में पांच हेक्टेयर जंगली क्षेत्र रिंग रोड क्षेत्र के तीनों जिलों में जंगल का कुछ-कुछ हिस्सा आ रहा है. इसमें आधा हेक्टेयर से लेकर ढाई हेक्टेयर तक अलग-अलग हिस्सों में आ रहा है.
जिलाधिकारियों को लिखा गया पत्र
जंगल की कटाई के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है. साथ ही मंडलायुक्त, तीनों जिलों के जिलाधिकारी व वन विभाग के अधिकारियों को भी पत्र लिखा गया है. अनुमति मिलने के बाद जंगल कटाई भी कराई जाएगी। तीस जगह पड़ रही हाईटेंशन लाइन रिंग रोड के 93.2 किलोमीटर के दायरे में 30 स्थानों पर हाईटेंशन लाइन पड़ रही है. इसमें 133 केवीए से लेकर 400 केवीए की हाईटेंशन लाइन है.
शिफ्टिंग के लिए पावर कारपोरेशन को भेजा पत्र
इसकी शिफ्टिंग के लिए शासन के माध्यम से पावर कारपोरेशन को पत्र लिखा है, जिसकी शिफ्टिंग कार्य शुरू करने से पहले कराई जानी है, जिससे कार्य के दौरान कोई व्यवधान न आए. कमेटी में इन विभाग के अफसर मंडलायुक्त ने एक्शन कमेटी बनाई है, जिसमें तीनों जिलों के संबंधित क्षेत्र के एडीएम, खनन विभाग, जंगल, यातायात, उत्तर प्रदेश पावर सप्लाई कारपोरेशन, केस्को, नगर निगम, जलकल विभाग के अधिकारियों को शामिल किया है.
नियमित बैठक से समस्या का होगा निवारण
एनएचएआइ कानपुर के परियोजना निदेशक प्रशांत दुबे ने बताया कि इसकी नियमित बैठक होगी, जो संबंधित विभाग से जुड़ी समस्या का निस्तारण तत्काल करेगी. रिंग रोड से जुड़ा कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. रिंग रोड प्रोजेक्ट 93.200 किलोमीटर का है और 8000 करोड़ रुपये प्रोजेक्ट की लागत है. 3 वर्ष लगेंगे प्रोजेक्ट को पूरा होने में.मार्च 2026 तक पूरा होगा निर्माण.

