ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) रविवार को हुई भारी बारिश के चलते कानपुर शहर की अधिकांश सड़कें बह गईं. मेट्रो निर्माण के चलते पूरी माल रोड बड़े-बड़े गड्ढ़ों में तब्दील हो गई है, इस कारण सोमवार सुबह से शहर जाम की चपेट में है. इस बीच, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता कन्हैया झा ने सुबह बैठक कर सभी सहायक अभियंताओं से 24 घंटे में बारिश में बर्बाद हुई सड़कों की रिपोर्ट तलब की है. साथ ही उन्होंने मंगलवार से ही पैचवर्क कराने के निर्देश दिए हैं ताकि सड़कों को मोटरेबल किया जा सके.
कानपुर देहात में युवक की मौत

उधर कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के लखोटिया गांव में सोमवार सुबह बारिश के दौरान पशु बाड़े की दीवार ढहने से मलबे में दबकर युवक की जान चली गई. दो बकरियों की भी मौत हो गई. हादसे से वहां कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है.
लखेाटिया गांव के छत्तीस साल के दुर्गेश सोमवार सुबह बारिश के दौरान बकरियां बांधने के लिए घर के पास स्थित पशु बाड़े में गया था. अचानक दीवार धमाके के साथ ढह गई. उसके मलबे में दुर्गेश व वहां बंधी बाकरियां दब गईं. धमाके की आवाज सुनकर भाई अवधेश व मोहल्ले के लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर दुर्गेश को बाहर निकाला. इस बीच उनकी व दो बकरियों की मौत हो चुकी थी. दुर्गेश की र्मौत से वहां कोहराम मच गया.
सूचना पर बिरहुन चौकी प्रभारी भागमल मौके पर पहुंचे तथा शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की. उन्होंने बताया कि बारिश में दीवार गिरने से हादसा होने की बात सामने आई है. तहसील प्रशासन को भी परिजनों ने सूचना दे दी है. पोस्टमार्टम कराने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी.

