ABC News: चंडीगढ़ के बाद अब मदुरै के गर्ल्स हास्टल में रहने वाली लड़कियों की अतरंग तस्वीरें व वीडियोज लेने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पूरे मामले में हास्टल में रहने वाली ही एक लड़की का हाथ है जो साथियों की तस्वीरें व वीडियोज लेकर अपने ब्वायफ्रेंड को व्हाट्सएप के जरिए भेज रही थी. पुलिस ने लड़की व उसके ब्वायफ्रेंड दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों अभी मदुरै के सेंट्रल जेल में हैं. तमिलनाडु के मदुरै में एक डाक्टर को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार किया गया. मदुरै पुलिस ने यह गिरफ्तारी कथित तौर पर हास्टल में गर्लफ्रेंड के साथ रहने वाली अन्य लड़कियों की अतरंग तस्वीरें व वीडियो लेने और शेयर करने के आरोप में की.

पुलिस के अनुसार, डाक्टर का नाम आशिक है और यह रामानाथपुरम कामुदी का रहने वाला है. वहीं इसकी गर्लफ्रेंड जननी मदुरै में BED की छात्रा है. दोनों को ही पुलिस ने IPC और IT एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, युवती ने हास्टल में रहने वाली अपनी दोस्तों की तस्वीरें व वीडियोज लेनी शुरू कर दी और व्हाट्सएप पर इसे डाक्टर को शेयर करती थी. ये सभी उस वक्त ली जाती थीं जब वे अपने कपड़े बदलती थीं या नहा रही होतीं थी. इस बीच एक साथी को जननी की एक्टीविटी पर संदेह हुआ और उसने हास्टल में रहने वाली अन्य लड़कियों के साथ मिलकर उसका फोन चेक किया. फोन की फोटो गैलरी को देखते ही सभी लड़कियों के होश उड़ गए. तुरंत सबने मिलकर हास्टल वार्डन को सूचित किया. वार्डन ने मदुरै अन्ना नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद यह मामला साइबर क्राइम पुलिस तक पहुंच गया. इसी साल मार्च महीने से जननि वर्किंग गर्ल्स हास्टल में रह रही थी. पुलिस ने बताया कि उसने अपने साथ रहने वाली अन्य लड़कियों की न्यूड फोटोज व वीडियो बनाकर अपने ब्वायफ्रेंड के साथ साझा किया था. पुलिस ने ही बताया कि आशिक के क्लिनिक में ही जननी काम करती थी. जननी ने पहले अपनी ही न्यूड वीडियो ली और इसके बाद अन्य लड़कियों की ऐसी तस्वीरें व वीडियोज बनानी शुरू कर दी. यह काम उसने अपने ब्वायफ्रेंड आशिक के आग्रह पर किया. पुलिस ने बताया कि डाक्टर और जननी के बीच व्हाट्सएप पर हुई बातचीत डिलीट की जा चुकी है. इसलिए यह बताना मुश्किल है कि यह सब कब से चल रहा था. दोनों के मोबाइल फोन को जब्त कर फारेंसिक लैब भेज दिया गया है। लैब में डाटा रिकवरी की जाएगी. आशिक ने ये वीडियो और तस्वीरों को और भी कहीं भेजा या नहीं इस बारे में छानबीन चल रही है.

