ABC NEWS: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के एक अहम मुकाबले में डीएलएस नियम के तहत 21 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम अंकतालिका में अफगानिस्तान को पछाड़कर पांचवें नंबर पर आ गई है.
न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और अफगानिस्तान तीनों के ही आठ-आठ अंक है, लेकिन बेहतर नेट-रनरेट के न्यूजीलैंड चौथे नंबर पर है. न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के एक-एक मैच बचे हैं, वहीं अफगानिस्तान को दो मुकाबले खेलने हैं. पाकिस्तान की जीत के साथ ही साउथ अफ्रीकी टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है.
A blitz from Fakhar Zaman helped Pakistan stay ahead of New Zealand in a rain-affected encounter ✌
With this win, Pakistan remain in contention for a #CWC23 knockout spot.#NZvPAK pic.twitter.com/QTOvEv0pLi
— ICC (@ICC) November 4, 2023
फखर जमां ने खेली तूफानी शतकीय पारी
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 401 रनों का स्कोर खड़ा किया था. हालांकि बारिश के चलते टारगेट पाकिस्तान को 41 ओवर्स में 342 रनों का कर दिया गया. जब पाकिस्तान ने 25.3 ओवरों में एक विकेट पर 200 रन बनाए थे, तभी फिर से बारिश आ गई. उस समय पाकिस्तान 21 रनों से आगे था.
पाकिस्तान की जीत में ओपनर फखर जमां की अहम भूमिका रही. फखर ने 81 गेंदों पर नाबाद 126 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 11 छक्के और आठ चौके लगाए. कप्तान बाबर आजम भी 63 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 66 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे. बाबर-फखर के बीच 194 रनों की नाबाद साझेदारी हुई. अब्दुल्लाह शफीक पाकिस्तान की ओर से आउट होने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे, जिन्हें टिम साउदी ने चलता किया.

