ABC NEWS: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता (K Kavitha) शनिवार को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुईं. दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में पूछताछ चल रही है.
ईडी शराब घोटाले में कथित अनियमितताओं की मनी-लॉन्ड्रिंग जांच के संबंध में गिरफ्तार एक आरोपी के साथ बीआरएस नेता के कविता का आमना-सामना कराने और उनका बयान दर्ज करेगी. ईडी ने कविता से पूछताछ के लिए सवालों की एक लंबी लिस्ट तैयार की है.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की 44 वर्षीय बेटी अपने पिता के आधिकारिक आवास तुगलक रोड से करीब 11 बजे एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित संघीय एजेंसी के मुख्यालय पहुंचीं. इस दौरान ईडी ऑफिस के बाहर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं. के कविता की पेशी से पहले बीआरएस के नेता के समर्थकों ने एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर विरोध प्रदर्शन किया.
पहले 9 मार्च को होना था पेश
बता दें कि ईडी ने पहले कविता को 9 मार्च को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने संसद के बजट सत्र में लंबे समय से लंबित महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली में अपनी निर्धारित दिनभर की भूख हड़ताल के कारण नई तारीख मांगी थी.
एजेंसी ने बीआरएस एमएलसी को बुलाया है ताकि उनका सामना हैदराबाद के कारोबारी अरुण रामचंद्रन पिल्लई से कराया जा सके, जो “साउथ ग्रुप” का एक कथित फ्रंटमैन है, जिसे ईडी ने इस सप्ताह के शुरू में गिरफ्तार किया था.

