ABC News: कानपुर में श्रीमद् भागवत कथा के लिए आए तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरू स्वमी रामभद्राचार्य जी महाराज का कहना है कि 2024 का लोकसभा चुनाव सनातन धर्म के मुद्दे पर होगा. उन्होंने कहा कि एक बार फिर से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, क्योंकि जनता भाजपा को पूर्ण बहुमत से फिर से जिताएगी. उन्होंने कहा कि केवल लोकसभा चुनाव ही नहीं, बल्कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव भी सनातन धर्म पर केंद्रित होंगे, यह चुनाव भी धर्म और अधर्म के बीच का चुनाव है.

स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कहा कि जब उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को मिटाने की बात कही, तो विपक्षी गठबंधन में किसी नेता ने इसका विरोध नहीं किया. केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका खुलकर विरोध किया. उन्होंने कहा कि देश में सनातन धर्म को मानने वालों की ही सरकार बनेगी. देश में शुरू हुई जाति की राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गलत बात है, इस प्रकार की राजनीति से कुछ नहीं होने वाला. जाति की राजनीति देश के हित में नहीं है. अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के चुनावी मुद्दा बनने के सवालों पर उन्होंने कहा कि कोर्ट में पूरा मामला चला, हमने भी उसमें गवाही दी है, जब कोर्ट से निर्णय हमारे पक्ष में आया है तो मंदिर निर्माण का कार्य हो रहा है. चुनाव का इससे कोई लेनादेना नहीं है.

बच्चों में बढ़ रही हिंसक प्रवृत्ति पर तुलसी पीठाधीश्वर ने कहा कि बच्चे कोमल हृदय के होते हैं, ऐसे में सबसे ज्याद महत्वपूर्ण भूमिका उनके अभिभावकों की होती है. माता पिता को शुरूआत से ही बच्चों को धर्म की शिक्षा देनी चाहिए और गलत रास्ते पर चलने से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताना चाहिए. लोगों में बढ़ती बीमारियों को लेकर स्वामी रामभद्राचार्य जी ने कहा कि अधिक पाने की प्रवृत्ति की वजह से ऐसा हो रहा है, ऐसे में प्रभु श्री राम का श्रवण करने से ही सारे कष्ट दूर हो सकते हैं.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

