ABC News: सूरज की तपिश से बेहाल चल रहे कानपुर में रविवार को भी आसमान से आग बरसी. सुबह आठ बजे से धूप के तेवर शरीर झुलसाने वाले रहे. आसमान से बरस रहे शोलों की वजह से दोपहर 11 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगे. जो लोग घरों से किसी काम को निकले, वह भी गर्मी के तल्ख तेवरों के आगे बेहाल नजर आए.

गर्मी भी ऐसी थी कि जरा सी देर में राहगीरों के हलक तक सूखते नजर आए. गर्मी के इन तेवरों से इंसान से लेकर पशु पक्षी भी बेहाल हो गए. लोगों का कहना था कि भले ही नौतपा खत्म हो गया हो लेकिन आषाढ़ की गर्मी बदहाल किए हुए है. सीएसए के मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि रविवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा. जबकि शहर के बाहरी इलाकों में यही तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा.

इसी तरह रात का तापमान भी उछलकर 29.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वातावरण में नमी का प्रतिशत भी गिरकर 12 तक पहुंच गया. मौसम विभाग की तरफ से अनुमान जाहिर किया गया है कि अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम रहेगा और हीट वेव चलेंगी. तापमान में और भी इजाफा हो सकता है. ऐसे में घर से बाहर निकलते समय एहतियात जरूर बरती जाए.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

