ABC News: कानपुर देहात कांड में भाजपा विधायक की सहयोगी कृष्णा गौतम ने ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष दुर्गेश मणि पर SC/ST, मारपीट और धमकी देने की FIR दर्ज कराई है. एसपी कानपुर देहात ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है. वहीं, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों की सबसे ज्यादा दुर्दशा और अत्याचार हो रहा है.

कानपुर देहात के अकबरपुर विधानसभा की विधायक प्रतिभा शुक्ला वारसी और उनके पति अनिल शुक्ला वारसी का विरोध ब्राम्हण महासभा के अध्यक्ष दुर्गेश मणि त्रिपाठी को भारी पड़ गया. विधायक की नजदीकी जिला पंचायत सदस्य कृष्णा गौतम की तहरीर में शनिवार देर रात अकबरपुर थाने में दुर्गेश मणि त्रिपाठी के खिलाफ SC/ST समेत अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज हुई है. एसपी कानपुर देहात बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि कृष्णा गौतम ने आरोप लगाया है कि पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष ने उनके साथ मारपीट की थी. उनकी तहरीर पर FIR दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है. वहीं, दुर्गेश मणि त्रिपाठी का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने SP और ADG समेत कई अफसरों को FIR दर्ज करने के लिए तहरीर दी है. इसके बाद भी उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई. मारखाने के बाद अब उल्टा उन्हीं पर FIR भी दर्ज हो गई है.

