ABC News: छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में 30 सितंबर को हुई मारपीट के मामले में 20 हजार रुपये जुर्माने के साथ निष्कासित किए गए छात्रों ने गुरुवार दोपहर परिसर में जमकर हंगामा किया. मुख्य गेट से अंदर अकादमिक भवन की ओर न जाने देने पर उनकी विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई. पुलिस से भी छात्र उलझ गए. काफी देर बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने आकर छात्रों को शांत कराया और उनका ज्ञापन कुलपति तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया.

30 सितंबर को पुस्तकालय के बाहर बीबीए तृतीय वर्ष के चार छात्रों हिमांशु शर्मा, माधवेंद्र कटियार, रिषभ कुशवाहा व विनीत कटियार का बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र शुभम कुमार से झगड़ा हो गया था. इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने भविष्य को देखते हुए समझौता कर लिया था, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच कमेटी बनाई थी. जांच में घटना का वीडियो फुटेज देखने के बाद कमेटी ने पांचों छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति की थी. कुलपति के आदेश पर कुलसचिव डा. अनिल कुमार यादव ने पांचों छात्रों को निलंबित कर दिया था और सभी पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था. तब से बीबीए के छात्र कुलपति से वार्ता की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी उन्हें अंदर नहीं जाने दे रहे. गुरुवार को छात्र फिर पहुंचे और गार्डों ने रोका तो उन्होंने हंगामा व नारेबाजी शुरू कर दी. गार्डों से धक्कामुक्की भी की. इसके बाद खुद ही बैरीकेडिंग लगाकर सभी को अंदर जाने से रोकने लगे. सूचना पर चीफ प्राक्टर डा. प्रवीन कटियार, डीन छात्र कल्याण प्रो. संजय स्वर्णकार व डीन प्रशासन प्रो. सुधांशु पांड्या टीम के साथ पहुंचे और छात्रों से वार्ता की. छात्र निलंबन व जुर्माने का आदेश वापस लेने की मांग पर अड़ गए. उन्होंने बताया कि जिस छात्र से झगड़ा हुआ था, वह एक छात्रा को परेशान कर रहा था. दोनों पक्षों में समझौता भी हो चुका है, लेकिन विश्वविद्यालय जानबूझकर उनका भविष्य बर्बाद करने की कोशिश कर रहा है. डीन प्रशासन ने बताया कि छात्रों को समझाकर शांत कराया गया है. कुलपति अभी मौजूद नहीं हैं, ज्ञापन लेकर उन्हें पहुंचाया जाएगा.

