ABC News: हास्य कलाकार राजू के बचपन के जिगरी दोस्त नम आंखों से उनके साथ बिताए दिन याद कर रहे हैं. राजू के साथ कानपुर के जूही परमपुरवा स्थित पंडित रतन शुक्ल इंटर कॉलेज से इंटर करने वाले किदवई नगर निवासी कपिल यादव बताते हैं, कि राजू ने जब बुलेट चलानी नई-नई सीखी तो मुकद्दर का सिकंदर गाने में अमिताभ बच्चन की स्टाइल में उठ उठकर गाते और लहराते हुए आनंदपुरी की गलियों में चला रहे थे. अचानक एक्सीलेटर तेज हो गया और संतुलन बिगड़ गया. भारी भरकम गाड़ी इनके संभाले न संभली और सीधे जाकर मौरंग में ढेर में घुस गए.

1981 में फिल्म रॉकी की रिलीज के मौके पर संजय दत्त जूही स्थित अनुपम सिनेमा आए थे. संजय दत्त को करीब से देखने के लिए राजू के कहने पर कपिल और दोस्त दीपक सक्सेना ब्लैक में टिकट लेकर फिल्म देखने गए थे. पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत कपिल के मुताबिक काफी धक्का-मुक्की के बाद राजू संजय का ऑटोग्राफ लेने में सफल रहे थे. उस ऑटोग्राफ को राजू ने काफी संभाल कर अपने पास रखा. कपिल ने बताया कि उस जमाने में दोस्त बसंत सिंह का परिवार बेहद संपन्न था. बसंत के घर से वीसीआर लाकर घर पर अमिताभ बच्चन की फिल्में देखी जाती थी. जिन्हें देखने के बाद राजू अमिताभ बच्चन की हूबहू नकल उतार कर हम सब को दिखाता. राजू से आखिरी मुलाकात 2 महीने पहले सर्किट हाउस में हुई थी. इंटर में राजू को बायोलॉजी पढ़ाने वाले यशोदा नगर निवासी दोस्त डॉ. नरेंद्र विक्रम पशुचिकित्सक हैं. बीते दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि राजू और वह कक्षा 1 से लेकर हाईस्कूल तक साथ ही पढ़े हैं. उनके साइकिल से ही राजू ने साइकिल चलाना सीखा. बाद में राजू ने उन्हें कैरियल पर बैठाकर खूब घुमाया है. दोनों ने साकेत नगर स्थित सुभाष स्मारक इंटर कॉलेज से एक साथ हाई स्कूल भी किया. डॉक्टर नरेंद्र ने बताया कि राजू इंटर में उनसे अलग परमपुरवा स्थित कॉलेज में पढ़ने लगे थे. बायोलॉजी में कमजोर होने के चलते उन्हें अपने फेल होने का खतरा था. ऐसे में वह रात में उनसे बायोलॉजी पढ़ने उनके घर आते थे. डॉ. नरेंद्र के मुताबिक कई बार जब राजू का पढ़ने का मन नहीं होता तो वह हंसी मजाक करने लगते. एक बार ऐसे ही उन्हें पढ़ने के लिए डांट दिया तो वह अचानक जमीन पर गिर पड़े. हाथ पैर ऐंठ गए और वह बेहोश हो गए.

मैंने घबराकर अपनी मां को बुलाया तो हम दोनों ने इन्हें होश में लाने की कोशिश की और इनके हाथ पैर रगड़े. जब इन्हें होश आया और माता जी लेटने चली गई. तो राजू खिलखिला कर हंस पड़े और बोले देखा मेरी एक्टिंग अब पढ़ने को कहोगे. पहले तो बहुत गुस्सा आया लेकिन बाद में उनकी इस हरकत पर हंसी भी हो भाई बोले कभी माता जी को मत बताना वरना बहुत मारेंगी. पुराने दिन याद करते हुए कपिल ने बताया कि राजू ने मुंबई जाते समय अपना इंटर का रोल नंबर पर्ची पर लिखकर दिया और बोले प्रार्थना करना पास हो जाऊं और फिर ट्रेन चली गई. जब रिजल्ट आया तो राजू पास हो गए थे. करीब एक महीने बाद लौटकर सीधे घर आए और बोले का हुआ रिजल्ट का. जब उन्हें बताया कि वह पास हो गए हैं तो उनकी आंखें भर आईं, बोले यार तुमने पास करा दिया और कसकर लिपट गए. राजू अपनी हरकतों से अक्सर स्कूल में टीचरों की डांट भी खाते थे और अपने दोस्तों में चहेते भी थे. राजू के निधन पर सुभाष स्मारक इंटर कालेज में टीचर रहे आरसी शर्मा की राजू की बातें याद कर आखें नम हो गईं. बर्रा में रहने वाले आरसी शर्माबताते हैं कि वह उस समय कालेज में रसायन विभाग के टीचर थे. राजू अक्सर क्लास में दोस्तों के साथ हंसी माजक किया करता था. उन्होंने बताया कि एक बार राजू खाली समय में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की मिमिक्री कर रहे थे. इस बीच कक्षा से बहुत शोर आ रहा था तो वह स्टाफ रूम से सीधे क्लास में चले गए. उनके जाते ही सब शांत होकर बैठ और राजू को सामने खड़ा पाया. राजू की कामेडियन हरकतों से सभी टीचर वाकिफ थे. उन्होंने उस समय राजू डांट लगाते हुए कहा था- इतना ही मिमिक्री का शौक है तो जाओ बाम्बे, कुछ बनकर दिखाओ.

