ABC News: कपड़ा व्यापारी के बेटे कुशाग्र कनोडिया के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस को आरोपियों की रिमांड लेने में सफलता मिली है. कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से बताया गया है कि कोर्ट से उसे प्रभात शुक्ला, रचिता वत्स और शिवा की तीन दिनों की रिमांड मिली है. रिमांड मिलने के बाद पुलिस अब आरोपियों से गहराई से पूछताछ करेगी.

माना जा रहा है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से कुशाग्र के मर्डर की सही वजह पूछी जा सकती है. क्योंकि अभी तक पुलिस हत्याकांड की सही वजह का खुलासा करने में नाकाम रही है. रिमांड अवधि मिलने को पुलिस अपनी सफलता मान रही है, ऐसे में अब सभी की निगाहें पुलिस की तरफ लगी हुई हैं कि इस दौरान वह आरोपियों से क्या सच निकलवा सकती है. कानपुर पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से नियमानुसार पूछताछ और विवेचनात्मक कार्यवाही की जाएगी.

आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग
कुशाग्र के अपहरण और हत्या के मामले में आरोपियों पर अब रासुका लगाने की मांग की है. इसको लेकर वकीलों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर से मिला. पुलिस कमिश्नर को सौंपे गए ज्ञापन में वकीलों ने कहा कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के तहत इस घटना को अंजाम दिया. इसके लिए उन्होंने पूरी तैयारी पहले से ही कर रखी थी. उन्होंने कहा कि इस वारदात के बाद टीचर और स्टूडेंट के बीच जो भरोसा होता है, उसको भी तोड़ा गया है. इसके अलावा फिरौती के लिए फेंके गए पत्र में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह दो समुदायों के बीच न केवल फूट को बढ़ाने वाली बल्कि सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की साजिश रचने वाली भी थी. इस प्रकार के तथ्यों केा ध्यान में रखते हुए कुशाग्र अपहरण और हत्याकांड के तीनों आरोपियों पर रासुका की भी कार्यवाही की जाए.

