ABC News: समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी फिर सुर्खियों में हैं. जाजमऊ थाना क्षेत्र के डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली महिला ने प्लाट पर बनी उसकी झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाते हुए सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई समेत तीन चार अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया तो पुलिस भी एक्टिव हो गई और आधी रात में उनके घर पर दबिश दी.

इस घटना के बाद शहर का सियासी पारा भी गर्माने लगा है. हालांकि, दबिश के दौरान सपा विधायक और उनके भाई तो घर पर नहीं मिले लेकिन सुबह होते ही सपा विधायक ने दो वीडियो जारी करते हुए खुद को बेकसूर बताया. उन्होंने विधायकों की कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. इस बीच, विधायक की कार को भी पुलिस थाने ले आयी है.

डिफेंस कॉलोनी निवासी बेबी नाज का कहना है कि दो दिन पहले वह परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गई थीं. उनका आरोप है कि इस दरमियान सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई ने प्लाट कब्जा करने के लिए उसकी टट्टर की झोपड़ी में आग लगा दी थी. घर वापस आने पर जानकारी हुई तो सपा विधायक इरफान सोलंकी और उसके भाई रिजवान सोलंकी समेत तीन.चार अज्ञात लोगों के खिलाफ जाजमऊ थाने में शिकायत की थी. पुलिस अफसरों के निर्देश के बाद जाजमऊ थाना पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी समेत अन्य लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करके मंगलवार देर रात गिरफ्तारी के लिए दबिश दी. एडीसीपी पूर्वी बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में कई थानों की पुलिस गिरफ्तारी के लिए देर रात विधायक इरफान सोलंकी के आवास पहुंची. इस दौरान इरफान सोलंकी की बेटी ने एक वीडियो बनाकर वायरल कर दिया.

इसके बाद देर रात से ही उनके समर्थकों को विधायक के आवास पर जुटना शुरू हो गया. बुधवार सुबह सपा विधायक इरफान सोलंकी की तरफ से दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जारी किए गए. इन वीडियो में सपा विधायक ने खुद के बेकसूर होने का दावा करते हुए कहा कि वह महिला को जानते तक नहीं है और न ही इस मामले में उनकी कोई संलिप्तता है. विधायक ने बच्चों की कसम खाते हुए कहा कि इस मामले से उनका कोई मतलब नहीं है. विधायक का कहना है कि मंगलवार को मोतीझील में गुरू नानक देव के प्रकाशोत्सव में उन्हें डीएम और पुलिस कमिश्नर मिले थे. यहां मुलाकात के दौरान उन्होंने दोनों ही आला अफसरों से मिलने के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी. विधायक का आरोप है कि पुलिस ने जब रात में दबिश दी तो उनके परिजनों से अभद्रता की गई. विधायक ने कहा कि वह विधानसभा अध्यक्ष से मांग करेंगे कि पूरे मामले में विधायकों की कमेटी बनाकर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. इस बीच पुलिस विधायक इरफान सोलंकी की दो कारों को थाने पर ले आयी. बता दें कि पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी अभिषेक को निलंबित कर दिया. पूरे मामले में डीसीपी ईस्ट का कहना है कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. इरफान और रिजवान सोलंकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं. तहरीर में अज्ञात लोगों के बारे में भी पता किया जा रहा है. अज्ञात लोगों की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है.
(रिपोर्टः सुनील तिवारी)

