ABC News: नौबस्ता पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने करीब डेढ़ माह के वक्त में कानपुर में घूम-घूमकर लूट की करीब 10 घटनाओं को अंजाम दिया था. पुलिस की गिरफ्त में आए तीन लुटेरों में एक तो दिल्ली में रहकर नौकरी करता है और वीकेंड में कानपुर आकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था. पुलिस ने इनके पास से लूटी गई चार चेन, मोबाइल और लूट में इस्तेमाल होने वाली बाइक बरामद की हैं.

एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि नौबस्ता पुलिस ने जिन तीन लुटेरों को पकड़ा है, उसमें कर्रही निवासी प्रतीक बाजपेई, दिलीप मिश्रा और मयंक अग्निहोत्री उर्फ़ मन्नू शामिल हैं. पकड़े गए लुटेरों में प्रतीक दिल्ली में नौकरी करता है और वीकेंड पर कानपुर आकर लूट की घटना को अंजाम देता था. जबकि मयंक अग्निहोत्री और दीपक पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. एडीसीपी साउथ ने बताया कि नौबस्ता पुलिस की चेकिंग के दौरान यह तीनों भागने लगे तो इन्हें पकड़कर पूछताछ की. इसके बाद लूट की वारदातों का खुलासा हुआ. उन्होंने बताया कि सभी अभियुक्तों का बैकग्राउंड जांचा जा रहा है. लूट के माल को यह लोग दिल्ली के एक सराफा व्यापारी को बेचते थे. इस बात की पड़ताल की जा रही है. जांच में तथ्य सही पाए जाने पर संबंधित सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया जाएगा. इनके पास से पुलिस ने दो बाइक, एक स्कूल, लूट की चार चेन, मोबाइल आदि बरामद किया है.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

