ABC News: कानपुर के सरसैयाघाट स्थित गोकुल प्रसाद धर्मशाला में द्वादश ज्योर्तिलिंगों का महारूद्राभिषेक किया गया. सावन के तीसरे सोमवार से पहले इस महारूद्राभिषेक के आयोजन में आस्था का संगम दिखा. यहां पर 12 शिवलिंगों को अलग-अलग बनाकर उनका पूजन और रुद्राभिषेक पूरे विधि विधान से किया गया.

भगवान शिव के 12 शिवलिंगों का विशेष महत्व है. इसी को देखते हुए श्री ओम जय जगदीश मंडल ने एक साथ 12 शिवलिंगों का महारूद्राभिषेक किया. इस दौरान यहां मौजूद हर एक शख्स भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह से लीन दिखाई दिया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यहां पर आचार्यों ने विधि विधान से सभी शिवलिंगों का महारूद्राभिषेक कराया. इस दौरान समाज और सनातन धर्म की रक्षा के साथ सुख समृद्धि की कामना की गई.

महादेव की आरती के बाद यहां पर भजन और शिवलीला का भी मंचन किया गया. संस्था अध्यक्ष जगदीश नारायण ने बताया कि हर वर्ष वह लोग इसी तरह महारूद्राभिषेक का आयोजन कराएंगे. इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

