ABC News: अधिवक्ताओं पर हमले की बढ़ रही घटनाओं के विरोध में कानपुर कचहरी के वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे. बार और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अफसरों को ज्ञापन सौंपा. अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को लागू करने की मांग उठाई है.

कचहरी परिसर से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे अधिवक्ताओं ने कहा कि वकीलों और उनके परिजनों पर हमले की घटनाओं में लगातार इजाफा होता जा रहा है. कई घटनाओं का जिक्र करते हुए बार एसोसिएशन अध्यक्ष नरेश चंद्र त्रिपाठी और लॉयर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रवींद्र शर्मा ने कहा कि इन घटनाओं का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है. ऐसे में अधिवक्ता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द से जल्द अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को लागू किया जाना चाहिए. अधिवक्ताओं को सुरक्षा के साथ शस्त्र लाइसेंस देने की मांग भी की गई.

